जगदलपुर

Dhan Kharidi: हड़ताल खत्म होने के बाद भी खरीदी केंद्रों में नहीं लौटी रौनक, टोकन कटने का आंकड़ा 103 पर अटका

Dhan Kharidi: धान खरीदी के दूसरे दिन तक केवल 103 किसानों ने ही टोकन कटवाया। 2 लाख से अधिक पंजीकृत किसानों के बीच अब तक 7183 क्विंटल धान की खरीदी हुई।
2 min read
अब तक केवल 103 किसानों ने कटवाया टोकन (photo source- Patrika)
अब तक केवल 103 किसानों ने कटवाया टोकन (photo source- Patrika)

Dhan Kharidi: जगदलपुर जिले में धान उपार्जन प्रक्रिया धीमी गति से आगे बढ़ रही है। कुल 382 उपार्जन केंद्रों में से केवल 17 केंद्रों में ही खरीदी की बोहनी हो पाई है, जिसके कारण अधिकांश केंद्रों में गतिविधियां सुस्त बनी हुई हैं। धान खरीदी शुरू होने के दूसरे दिन तक किसानों द्वारा सिर्फ 103 टोकन कटाए गए हैं, जबकि वर्तमान स्थिति में किसानों का बड़ा वर्ग अब भी कटाई कार्य में व्यस्त है।

Dhan Kharidi: टोकन कटाने के लिए पहुंच रहे किसान

यही कारण है कि अब तक महज 7,183 क्विंटल धान की खरीदी हो सकी है। अधिकारियों के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों में खरीदी की गति बढ़ने की संभावना है। सहकारी समिति कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त होने के बाद उपार्जन केंद्रों की व्यवस्था पटरी पर लौटने लगी है। कर्मचारियों ने अपनी चार सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन शुरू किया था, जिसे प्रशासन द्वारा आश्वासन देने के बाद समाप्त कर दिया गया। कर्मचारियों की वापसी के बाद टोकन वितरण और खरीदी प्रक्रिया कुछ हद तक सुचारू होने लगी है।

हालांकि कई केंद्रों में अभी भी बोहनी नहीं हो सकी है और किसान केवल टोकन कटाने के लिए पहुंच रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि जैसे-जैसे किसान कटाई कार्य पूरा करेंगे, खरीदी की संख्या में वृद्धि देखी जाएगी। किसानों ने उम्मीद जताई है कि आगामी दिनों में मौसम अनुकूल रहा तो खरीदी की गति तेज होगी और उपार्जन केंद्रों में भीड़ बढ़ेगी। फिलहाल प्रशासन केंद्रों की तैयारियों और सुविधाओं की समीक्षा कर रहा है ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

अब तक 1,473 क्विंटल अवैध धान जब्त

Dhan Kharidi: प्रशासनिक निगरानी लगातार बढ़ाई जा रही है। संभाग भर में अब तक कुल 1,473 क्विंटल अवैध धान जब्त किया गया है। धान की अवैध आवाजाही रोकने के लिए जिला प्रशासन और खाद्य विभाग संयुक्त रूप से जांच अभियान चला रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि अवैध खरीदी या विक्रय में शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
18 Nov 2025 02:21 pm
Published on:
18 Nov 2025 02:20 pm