
Bastar Flight: बस्तर संभाग के लिए बहुप्रतीक्षित हवाई सुविधा एक बार फिर शुरू हो गई है। एलायंस एयर ने समर शेड्यूल के तहत रायपुर-जगदलपुर-हैदराबाद रूट पर अपनी फ्लाइट सेवा बहाल कर दी है। 31 मार्च से शुरू हुई इस सेवा ने बस्तर को देश के प्रमुख शहरों से फिर जोड़ दिया है, जिससे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।
नई सेवा के तहत विमान हैदराबाद से सुबह उड़ान भरकर जगदलपुर होते हुए रायपुर पहुंचेगा और वापसी में रायपुर से होते हुए फिर हैदराबाद जाएगा। तय शेड्यूल के अनुसार यह सफर कुछ ही घंटों में पूरा होगा, जिससे पहले की तुलना में यात्रा समय में भारी कमी आएगी।
बस्तर जैसे दूरस्थ और आदिवासी बहुल क्षेत्र के लिए हवाई कनेक्टिविटी लंबे समय से बड़ी चुनौती रही है। सड़क और रेल मार्ग से लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी, जिससे मरीजों, छात्रों और व्यापारियों को काफी परेशानी होती थी। नई फ्लाइट शुरू होने से अब गंभीर मरीजों को बड़े शहरों तक तेजी से पहुंच मिल सकेगी।
वहीं पर्यटन (विशेषकर चित्रकोट, तीरथगढ़ जैसे स्थलों) को बढ़ावा मिलेगा और व्यापार और निवेश के नए अवसर खुलेंगे। विशेषज्ञ मानते हैं कि बेहतर एयर कनेक्टिविटी किसी भी क्षेत्र के आर्थिक विकास की रीढ़ होती है, और बस्तर में यह कदम उसी दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
यह सेवा पहले भी संचालित हो रही थी, लेकिन अगस्त 2024 में इसे बंद कर दिया गया था। इसके पीछे मुख्य कारण उड़ान योजना के तहत मिलने वाली सब्सिडी का खत्म होना, यात्रियों की कम संख्या और बढ़ती परिचालन लागत रही। सेवा बंद होने के बाद बस्तर की हवाई कनेक्टिविटी लगभग ठप हो गई थी, जिससे यात्रियों को रायपुर या अन्य शहरों तक पहुंचने के लिए लंबा सफर तय करना पड़ता था।
फिलहाल यह सेवा सप्ताह में तीन दिन ही संचालित की जा रही है। मंगलवार, गुरुवार और शनिवार। पहले दिन की बात करें तो लोगों का काफी ठंडा रिस्पांस देखने को मिला। पहले दिन हैदराबाद 17 तो और रायपुर के लिए 9 लोगों ने इसका फायदा उठाया। 70 सीटर वाले इस फ्लाइट में इतने कम लोगों ने रूचि दिखाई।
इसके साथ ही यह सवाल भी खड़े हो गए कहीं ऐसी ही स्थिति आगे भी बनी रही तो कहीं फिर से यह सेवा बंद न हो जाए। विशेषज्ञों का कहना है कि यह पहला दिन था। इसलिए ज्यादा लोगों को इसकी जानकारी नहीं थी, जैसे जैसे लोगों को पता चलेगा, इसका लाभ लेने के लिए और अधिक लोग आने लगेंगे।