
जयपुर। नारायण विहार पुलिस थाने में जमीनी विवाद को लेकर दो मुकदमें दर्ज हुए है। आरोप है कि 2007 में खरीदे प्लॉटों पर 19 साल बाद भी कब्जा नहीं दिया गया है। पुलिस इस संबंध में जांच कर रही है। वहीं जेडीए में भी जमीन विवादों को लेकर शिकायत की गई है। शिकायत में संबंधित जमीनों के स्वामित्व, प्लॉट आवंटन दस्तावेजों और पट्टों की वैधता की जांच कराने की मांग की गई है। यह शिकायत सालासर ओवरसीज से जुड़े जमीन विवादों को लेकर की गई है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि जमीनों के रिकॉर्ड और आवंटन प्रक्रिया में अनियमितताएं हुई हैं। जेडीए रिकॉर्ड की जांच से जमीनों की मूल स्थिति, आवंटन का आधार और पट्टे जारी करने की प्रक्रिया की वैधता स्पष्ट हो सकती है।
नारायण विहार थाना क्षेत्र में दर्ज पहली एफआईआर नंबर 0495, 20 नवंबर को चिमन लाल ठकराल की शिकायत पर दर्ज हुई। ठकराल के अनुसार उन्होंने सालासर ओवरसीज की योजना नारायण विहार ओ-फेज-V में प्लॉट नंबर 230, क्षेत्रफल 266.66 वर्ग गज, 29 अगस्त 2007 के आवंटन पत्र के जरिए अपने नाम कराया था।
इसके अलावा उनकी पत्नी अर्चना ठकराल के नाम ओ-फेज-VI में प्लॉट नंबर 034, क्षेत्रफल 200 वर्ग गज, 27 अगस्त 2007 को आवंटित किया गया था। शिकायतकर्ता का कहना है कि कंपनी के विज्ञापन और प्रतिनिधियों के भरोसे पर उन्होंने निवेश के लिए ये प्लॉट खरीदे थे।
ठकराल ने आरोप लगाया कि कंपनी के प्रतिनिधियों ने जमीन दिखाकर योजना विकसित करने और प्लॉट का कब्जा देने का भरोसा दिलाया था। लेकिन बार-बार संपर्क करने के बावजूद उन्हें कब्जा नहीं मिला। बाद में उन्हें कथित तौर पर पता चला कि संबंधित प्लॉट अन्य लोगों के हैं। शिकायत में कंपनी के निदेशक ज्ञानचंद अग्रवाल और संजय गुप्ता पर फर्जी आवंटन पत्र, पट्टे और साइट प्लान तैयार कर धोखाधड़ी करने तथा राशि हड़पने का आरोप लगाया गया है।
दूसरी एफआईआर नंबर 0498, 23 नवंबर को फूलचंद मीणा की शिकायत पर दर्ज हुई। मामला असरपुरा, सांगानेर स्थित खसरा नंबर 316 की 0.33 हेक्टेयर जमीन से जुड़ा है। मीणा का कहना है कि जमीन पर उनका और उनके परिवार का अधिकार है, लेकिन कैलाश प्रसाद शर्मा कथित फर्जी पट्टों के आधार पर कब्जा करना चाहता है। शिकायत में ज्ञानचंद अग्रवाल, बद्री नारायण शर्मा और अनिल जैन की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं। पुलिस ने दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।