Jaipur New Sanganer Road Widening Supreme Court Verdict: जयपुर: न्यू सांगानेर रोड पर चौड़ीकरण की जद में आ रहे व्यापारियों और संपत्ति मालिकों को सुप्रीम कोर्ट से आंशिक कानूनी राहत मिली है। हाईकोर्ट के जिस आदेश से प्रभावितों के लिए सिविल कोर्ट और जेडीए अपीलीय न्यायाधिकरण में सुनवाई का रास्ता बंद हो गया था, सुप्रीम कोर्ट ने उस पर अंतरिम रोक लगा दी है। जिन संपत्ति मालिकों के पास पट्टे, स्वीकृत नक्शे और पूर्व कार्रवाई से जुड़े दस्तावेज हैं, अब वे इन्हें अपने पक्ष में प्रस्तुत कर न्यायिक मंच पर चुनौती दे सकेंगे। अब प्रभावित व्यापारी जेडीए की पैमाइश, अतिक्रमण के नोटिस और अपने पट्टों की वैधता को सक्षम न्यायिक मंच पर चुनौती दे सकेंगे। सुप्रीम कोर्ट ने जेडीए की कार्रवाई पर रोक नहीं लगाई है। प्रभावितों को अपने निर्माण और संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों के आधार पर कानूनी राहत मांगने का अवसर मिल गया है।