जयपुर

राजस्थान पुलिस की बड़ी घेराबंदी, रोहित गोदारा-लॉरेंस गिरोह की तोड़ी कमर, 214 अपराधी गिरफ्तार, हथियारों का जखीरा मिला

राजस्थान पुलिस ने 19 जिलों में विशेष अभियान चलाकर रोहित गोदारा और लॉरेंस गिरोह सहित 1276 अपराधियों को चिह्नित किया। कार्रवाई में 214 अपराधियों को गिरफ्तार कर अवैध हथियार और मादक पदार्थों की बड़ी खेप जब्त की गई।

3 min read
Mar 02, 2026
एआई तस्वीर

जयपुर। राजस्थान पुलिस ने रोहित गोदारा और लॉरेंस गिरोह सहित 1276 अपराधियों को चिह्नित कर प्रदेश के 19 जिलों में संगठित अपराधियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया। इस दौरान 214 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया और भारी मात्रा में अवैध हथियार तथा मादक पदार्थ जब्त किए गए।

पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि प्रदेश में भयमुक्त वातावरण सुनिश्चित करने के दृष्टिकोण को धरातल पर उतारते हुए संगठित गिरोहों के विरुद्ध रविवार अलसुबह व्यापक घेराबंदी की गई। अभियान का मुख्य उद्देश्य अवैध हथियार रखने वाले तथा रंगदारी और अन्य आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोहों के नेटवर्क को जड़ से समाप्त करना था। यह कार्रवाई जयपुर और जोधपुर आयुक्तालय सहित राज्य के 19 जिलों में की गई।

ये भी पढ़ें

Udaipur: 3 गांवों में ताबड़तोड़ छापेमारी से मचा हड़कंप, 170 एकड़ खेत से मिली 275 करोड़ की हैरान कर देने वाली चीज

1276 अपराधियों को लक्ष्य बनाया गया

उन्होंने बताया कि विशेष अभियान के लिए कुल 1276 अपराधियों को लक्ष्य बनाया गया। इनमें रोहित गोदारा और लॉरेंस गिरोह से जुड़े 383, स्थानीय गिरोहों के 534 तथा अन्य श्रेणी के 359 इनामी और वांछित अपराधी शामिल थे। पुलिस टीमों ने इन जिलों में ठिकानों पर सघन दबिश देकर बड़ी मात्रा में अवैध हथियार और मादक पदार्थ बरामद किए।

आर्म्स एक्ट के तहत 30 प्रकरण दर्ज

आर्म्स एक्ट के तहत 30 प्रकरण दर्ज कर 17 पिस्तौल, तीन देशी तमंचे, 14 कारतूस, छह चाकू और छह छुरे बरामद किए गए। एनडीपीएस एक्ट के 34 मामलों में 1.166 किलो हेरोइन, 8.544 ग्राम स्मैक, 5.29 ग्राम एमडी, 300 ग्राम अफीम, 14.792 किलो गांजा और 26.08 किलो डोडा पोस्त जब्त किया गया। झुंझुनू जिले में कार्रवाई के दौरान 8153 अफीम के पौधे भी बरामद किए गए।

अभियान के तहत कुल 214 फरार और वांछित अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 11 इनामी, 157 वारंटी और 46 अन्य वांछित शामिल हैं। इसके अलावा विभिन्न जिलों से 32 वाहन तथा 19 मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण साक्ष्य के रूप में जब्त किए गए। हनुमानगढ़ में नाकाबंदी के दौरान पंजाब की बंबीहा गिरोह के दो गुर्गों को गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से 11 पिस्तौल और 22 मैगजीन बरामद हुईं। ये हथियार इंदौर से पंजाब भेजे जाने थे।

हार्डकोर अपराधी के घर दबिश

चूरू में सुरेश सेन नामक हार्डकोर अपराधी के घर दबिश देकर भारी मात्रा में अवैध शराब, 12 विभिन्न बैंकों के कार्ड, पासबुक और चेक बुक तथा 5 लाख 30 हजार 600 रुपए नकद बरामद किए गए। इसी जिले में विदेश में बैठे अपराधी महेंद्र डेलाना गिरोह के सदस्य धनराज उर्फ धन्ना को गिरफ्तार कर एक अवैध देशी तमंचा बरामद किया गया। आरोपी कुचामन क्षेत्र में गंभीर वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। कार्रवाई के दौरान 428 गिरोह सदस्यों के पूछताछ नोट और डोजियर तैयार किए गए ताकि भविष्य में उनके नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके।

सघन दबिश अभियान चलाया

जयपुर रेंज में जयपुर के चारों जिलों सहित सीकर, झुंझुनू और कोटपूतली-बहरोड़ में सघन दबिश अभियान चलाया गया। जयपुर में 142 अपराधियों को चिह्नित कर 62 डोजियर तैयार किए गए। झुंझुनू में 194 बदमाशों के ठिकानों पर दबिश देकर 8153 अफीम के पौधे जब्त किए गए। सीकर में 95 तथा कोटपूतली-बहरोड़ में 68 बदमाशों को चिह्नित कर कार्रवाई की गई, जहां 13 डोजियर तैयार कर दो वाहन जब्त किए गए।

14 एनडीपीएस प्रकरण दर्ज किए गए

बीकानेर रेंज में बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू जिलों में व्यापक कार्रवाई की गई। बीकानेर में 67 बदमाशों के खिलाफ दबिश देकर एनडीपीएस एक्ट के सात प्रकरण दर्ज किए गए और 62 किलो 155 ग्राम डोडा पोस्त सहित अन्य मादक पदार्थ जब्त किए गए। श्रीगंगानगर में 138 बदमाशों के ठिकानों पर कार्रवाई कर 14 एनडीपीएस प्रकरण दर्ज किए गए तथा 1 किलो 130.21 ग्राम हेरोइन, 11 किलो 870 ग्राम पोस्त और 200 ग्राम अफीम जब्त की गई। हनुमानगढ़ में 61 बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई कर 11 पिस्तौल और 12 मैगजीन बरामद की गईं। चूरू में 105 बदमाशों को चिह्नित कर पांच इनामी अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।

यहां भी दबिश

जोधपुर रेंज में जोधपुर पूर्व-पश्चिम, जोधपुर ग्रामीण और फलोदी जिलों में दबिश दी गई। जोधपुर शहर में 51 बदमाशों के ठिकानों पर कार्रवाई कर आठ डोजियर और पूछताछ नोट तैयार किए गए। जोधपुर ग्रामीण में 12 बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई कर एक अवैध हथियार बरामद किया गया तथा तीन इनामी अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। फलौदी में 157 चिह्नित बदमाशों के विरुद्ध कार्रवाई कर 14 किलो 210 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया गया और तीन फरार इनामी बदमाश गिरफ्तार किए गए।

अजमेर रेंज में अजमेर शहर, नागौर और डीडवाना-कुचामन जिलों में कार्रवाई की गई। अजमेर में 18 बदमाशों को चिह्नित किया गया। नागौर में एनडीपीएस एक्ट के तहत एक प्रकरण दर्ज कर 14.215 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया तथा एक इनामी सहित कई वारंटी अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। डीडवाना-कुचामन में 166 बदमाशों के ठिकानों पर दबिश देकर सात इनामी अपराधियों को गिरफ्तार कर तीन वाहन जब्त किए गए। कोटा रेंज में कोटा शहर में 119 अपराधियों को चिह्नित कर आर्म्स एक्ट के 17 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें पिस्तौल, देसी कट्टा, कारतूस और धारदार हथियार बरामद किए गए। एनडीपीएस एक्ट के चार प्रकरणों में 556 ग्राम गांजा और 1.44 ग्राम स्मैक जब्त की गई।

दस इनामी अपराधियों सहित कई वारंटी आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा 170 बीएनएसएस के तहत 187 आदतन अपराधियों को भी हिरासत में लिया गया। प्रदेश के चिह्नित जिलों में एक साथ की गई इस समन्वित कार्रवाई में बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ, अवैध हथियार और वाहन जब्त किए गए। इनामी, वारंटी और आदतन अपराधियों की गिरफ्तारी से संगठित अपराध के नेटवर्क पर प्रभावी प्रहार किया गया है।

ये भी पढ़ें

भाजपा नेत्री वीडियो, ब्लैकमेलिंग और बलात्कार कांड में चौंकाने वाला खुलासा, राजनीतिक गलियारों में मचा हड़कंप

Also Read
View All

अगली खबर