जयपुर

Good News: 79,000 करोड़ की परियोजना से राजस्थान बनेगा पेट्रोकेमिकल हब, मोदी करेंगे रिफाइनरी का उद्घाटन

HPCL Rajasthan Refinery: 21 अप्रैल को बालोतरा में पीएम मोदी करेंगे देश की पहली इंटीग्रेटेड रिफाइनरी का उद्घाटन। पचपदरा रिफाइनरी से ऊर्जा सुरक्षा मजबूत, युवाओं को मिलेगा बड़ा रोजगार अवसर।

2 min read
Apr 09, 2026
PM Modi

Pachpadra Refinery: जयपुर.राजस्थान के लिए 21 अप्रैल का दिन ऐतिहासिक होने जा रहा है, जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बालोतरा में देश के पहले एचपीसीएल इंटीग्रेटेड रिफाइनरी कम पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स का शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में इस कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पचपदरा रिफाइनरी परियोजना न केवल राजस्थान बल्कि पूरे देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूती प्रदान करेगी, बल्कि इससे प्रदेश के आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारी करने पर जोर दिया। प्रधानमंत्री इस दौरान एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे और रिफाइनरी से उत्पादित एलपीजी टैंकरों को हरी झंडी भी दिखाएंगे।

ये भी पढ़ें

Teacher Transfer: प्रिंसिपल व स्कूल व्याख्याता के बाद अब सैकण्ड ग्रेड टीचर के होंगे तबादले, शिक्षा मंत्री ने खुद किया खुलासा

करीब 79 हजार 459 करोड़ रुपये की लागत से विकसित इस परियोजना की वार्षिक शोधन क्षमता 9 मिलियन मेट्रिक टन है। यह रिफाइनरी लगभग 4400 एकड़ क्षेत्र में फैली हुई है, जिसमें राजस्थान के 1.5 से 2.5 मिलियन टन क्रूड के साथ 6.5 से 7.5 मिलियन टन आयातित क्रूड का उपयोग किया जाएगा। यहां एलपीजी का व्यावसायिक उत्पादन पहले ही शुरू हो चुका है।

इस रिफाइनरी में पेट्रोल और डीजल के अलावा पॉलीप्रोपाइलीन, एलएलपीडीई, एचडीपीई, बेंजीन, टोल्यून और ब्यूटाडाइन जैसे महत्वपूर्ण पेट्रोकेमिकल उत्पादों का भी निर्माण होगा। ये उत्पाद परिवहन, फार्मा, पेंट और पैकेजिंग जैसे विभिन्न उद्योगों के लिए बेहद उपयोगी साबित होंगे। इससे देश की आयात पर निर्भरता कम होगी और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल पर बैठने, पेयजल, चिकित्सा, बिजली, पार्किंग, यातायात और सुरक्षा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ट्रैफिक पुलिस और परिवहन विभाग को समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया, ताकि कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

उन्होंने रिफाइनरी परिसर में वृक्षारोपण को भी बढ़ावा देने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना से प्रदेश के युवाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार और कौशल विकास के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे, जिससे राजस्थान औद्योगिक विकास की नई ऊंचाइयों को छू सकेगा।

ये भी पढ़ें

PNG Connection: घरेलू गैस कनेक्शन जारी करने में प्रतिदिन औसतन तीन से चार गुणा की बढ़ोतरी

Updated on:
09 Apr 2026 10:36 pm
Published on:
09 Apr 2026 10:35 pm
Also Read
View All