जयपुर

AC-कूलर के दामों में जबरदस्त उछाल, राजस्थान के इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार तक पहुंची जंग की आंच, भविष्य में दाम बढ़ने के आसार

Copper And Plastic Price Increased: गर्मी का मौसम शुरू होते ही कूलर और एसी के दामों में अचानक उछाल देखने को मिल रहा है। कच्चे माल की कीमतों में बढ़ोतरी और अंतरराष्ट्रीय हालात का असर अब राजस्थान के इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार पर भी पड़ने लगा है।

2 min read
Apr 07, 2026
Cooler Price Hike
हसनपुरा में कूलरों की खरीदारी करते कस्टमर फोटो: पत्रिका अनुग्रह सोलोमन

AC-Cooler Price Hike: इस बार गर्मी से राहत के लिए लोगों को कूलर व एसी खरीदने में पसीने आ रहे हैं, जो कूलर दो माह पहले 8-9 हजार रुपए में मिल रहा था, वहीं अब 10-11 हजार रुपए में बिक रहा है। अमरीका व ईरान जंग की आंच कूलर-एसी तक पहुंच गई है। पत्रिका रिपोर्टर ने बाजार में पड़ताल की तो एसी व कूलरों के दाम बढ़ने के पीछे प्लास्टिक दाना महंगा होना बताया। वहीं पुराना स्टॉक भी कारोबारी बढ़ी हुई दर से बेचते मिले।

शहर के जयंती बाजार, वैशाली नगर, राजापार्क, सांगानेर सहित अन्य जगहों पर इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम व प्रतिष्ठानों पर इन दिनों कूलर और एसी दोनों के दामों में तेजी है। व्यापारियों के अनुसार प्लास्टिक दाने (रॉ मैटेरियल) की सप्लाई प्रभावित होने से कूलर निर्माण पर सीधा असर पड़ा है।

कूलर बनाने वालों ने उत्पादन घटा दिया है और जो माल उपलब्ध है, उसके दाम बढ़ा दिए गए हैं। मांग बढ़ने और कच्चे माल की लागत बढ़ने का असर सीधे बाजार पर दिखाई दे रहा है। पिछले सालों में गर्मी के मौसम के दौरान कूलरों के दाम फरवरी से अप्रैल तक एक से डेढ़ प्रतिशत तक ही बढ़ते थे, लेकिन इस बार होलसेल मार्केट में ही करीब 12 से 13 प्रतिशत तक दाम बढ़ चुके हैं।

बाजार में फिलहाल 12 हजार रुपए तक में घरेलू कूलर मिल रहे हैं। इस बार एसी भी महंगे हो गए हैं और एसी बाजार भी इससे अछूता नहीं रहा है। कॉपर की कीमतों में उछाल के कारण एसी की लागत बढ़ गई है, जिससे कंपनियों ने कीमतें बढ़ा दी हैं। व्यापारियों का कहना है कि एसी के दामों में अब तक 5 से 7 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हो चुकी है और आगे और बढ़ने की संभावना भी बनी हुई है।

10 से 12 प्रतिशत की बढ़ोतरी — व्यापारी

राजस्थान इलेक्ट्रॉनिक्स ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेश कालानी का कहना है कि प्लास्टिक के दाने की कीमत बढ़ने से कूलर के दामों में 10 से 12 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।

वहीं अखिल राज्य ट्रेड एंड इंडस्ट्री एसोसिएशन (आरतिया) के चेयरमैन कमल कंदोई का कहना है कि अमरीका-ईरान युद्ध से कॉपर के दाम बढ़ गए हैं। इससे एसी के दाम 5 से 7 प्रतिशत बढ़ गए हैं। अगर युद्ध आगे बढ़ा तो एसी के दाम 10 फीसदी तक बढ़ने के आसार हैं।

Updated on:
07 Apr 2026 11:05 am
Published on:
07 Apr 2026 07:54 am