जयपुर

सीएम राजे बोली- मेरा भाई ‘किरोड़ी‘ लौट आया, अब कांग्रेस के शक्ति केन्द्र होंगे ध्वस्त

मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि किरोड़ी से उनका 1980-85 से रिश्ता है...
2 min read
• •
Updated: 12 Mar 2018, 8:51 AM IST
Kirodi Lal Meena

जयपुर। भाजपा में वापसी के बाद रविवार को डॉ. किरोड़ीलाल मीना ने कहा कि मैं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का कार्यकर्ता हूं। संघ की एक जगह का संरक्षक भी रहा हूं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस मुक्त का नारा दिया था, वह पूरा हो रहा है। नॉर्थ-ईस्ट में भाजपा आई है और नॉर्थ-ईस्ट कोना शुभ होता है। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि किरोड़ी से उनका 1980-85 से रिश्ता है। शरीर को थोड़ासा चीरा लगा दो तो रंग एक ही निकलता है। किरोड़ी मेरे सक्षम भाई हैं। इनके वापस आने से भाजपा को मजबूती मिलेगी।


किरोड़ी से विधानसभा में कभी ताक-झांक हो जाती तो लगता था कि वह हमसे दूर क्यों हो गए। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी ने कहा कि कांग्रेस मुंगेरीलाल के सपने देख रही है, 2018 में भी भाजपा की ही सरकार बनेगी। इससे पूर्व किरोड़ी सहित विधायक गोलमा देवी व गीता वर्मा ने मिस्ड कॉल कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।


मुझे तो राजस्थान में ही घुमा दो
किरोड़ी ने कहा कि मुझे तो राजस्थान में ही घुमा दो, मैं सो गए कार्यकर्ताओं को जगाऊंगा। विलय पत्र दिया है, कोई और राज्यसभा में जाता है तो समर्थन पत्र भी दूंगा। कांग्रेस जो शक्ति केन्द्र खोल रही है, उन्हें ध्वस्त करूंगा।

भाजपा में ही यह प्रतिफल : सैनी
जयपुर . भाजपा की आेर से राज्यसभा उम्मीदवार बनाने पर पूर्व विधायक मदनलाल सैनी ने कहा कि मैं साधारण कार्यकर्ता हूं। भाजपा में ही कार्यकर्ता को एेसा प्रतिफल मिल सकता है। राज्यसभा उम्मीदवार बनाने की सूचना मिली तब वह सीकर में थे। सूचना मिलते ही जयपुर के लिए रवाना हुए। यहां भाजपा प्रदेश कार्यालय में मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा, राज्यसभा उम्मीदवार बनाने का बिल्कुल अंदाजा नहीं था। मेरे लिए राज्यसभा नहीं, पार्टी महत्वपूर्ण है। सैनी समाज को बड़ा सम्मान दिया है। कार्यकर्ता यही सोचेगा कि मदन जैसे साधारण कार्यकर्ता को पार्टी ने इतना ऊपर पहुंचाया, तो उन्हें और मजबूती मिलेगी।

भाजपा में कार्यकर्ता ही शीर्ष नेतृत्व : यादव
जयपुर. भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और राज्यसभा प्रत्याशी भूपेन्द्र यादव ने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ता ही शीर्ष नेतृत्व है। यहां किसी परिवार के इशारे पर फैसले नहीं होते। दूसरी बार राज्यसभा प्रत्याशी बने यादव ने रविवार शाम जयपुर पहुंचने के बाद पत्रकारों से कहा, राजस्थान में भाजपा विकास और स्थायित्व के लिए काम कर रही है। किरोड़ी की वापसी पर कहा कि पार्टी दृढ़ता से विस्तार कर रही है। मीना और मदनलाल सैनी का राज्यसभा के लिए चयन होने से पार्टी मजबूत होगी।

Published on: