जयपुर

Jaipur: शिवमहापुराण कथा पंडाल में AI बना पुलिस का हथियार, चेन स्नैचिंग- मोबाइल चोरी गैंग का पर्दाफाश, 14 संदिग्ध गिरफ्तार

Police Action Jaipur: जयपुर में वीटी रोड पर पंडित प्रदीप मिश्रा की शिवमहापुराण कथा के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर वारदात करने की फिराक में घूम रहे संदिग्धों पर जयपुर साउथ पुलिस ने शिकंजा कस दिया। पुलिस ने चेन लूट, मोबाइल चोरी और जेबतराशी में सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 11 महिलाओं सहित 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
2 min read
Mar 21, 2026
पुलिस की हिरासत में गैंग के सदस्य, पत्रिका फोटो
पुलिस की हिरासत में गैंग के सदस्य, पत्रिका फोटो

Police Action Jaipur: जयपुर में वीटी रोड पर पंडित प्रदीप मिश्रा की शिवमहापुराण कथा के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर वारदात करने की फिराक में घूम रहे संदिग्धों पर जयपुर साउथ पुलिस ने शिकंजा कस दिया। पुलिस ने चेन लूट, मोबाइल चोरी और जेबतराशी में सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 11 महिलाओं सहित 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पहली बार कार्यक्रम स्थल पर एआइ कैमरों की मदद से संदिग्धों की निगरानी कर उन्हें वारदात से पहले ही दबोच लिया।

एआइ कैमरों से संदिग्धों की पहचान

डीसीपी (साउथ) राजर्षि राज ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में भरतपुर, हनुमानगढ़, यूपी और जयपुर के विभिन्न क्षेत्रों से महिलाएं और पुरुष शामिल हैं। पुलिस को सूचना मिली थी कि भीड़ में कुछ संदिग्ध चोरी और लूट की वारदात की साजिश रच रहे हैं। इस पर दक्षिण जिले और सीएसटी टीम ने संयुक्त निगरानी शुरू की।
पुलिस के अनुसार कथा स्थल पर पहली बार 5 एआइ कैमरे लगाए गए। कंट्रोल रूम से भीड़ में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग आधारित निगरानी से संदिग्धों की पहचान कर तुरंत कार्रवाई की गई।

अस्थायी कंट्रोल रूम से निगरानी

पुलिस के मुताबिक कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस उपायुक्त, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, सहायक पुलिस आयुक्त, इंस्पेक्टर, उप निरीक्षक, महिला पुलिसकर्मी, होमगार्ड और आरएसी की कंपनियां मौजूद रहीं। सीएसटी और विभिन्न जिलों की डीएसटी टीमों को पर्स, चेन और जेबतराशी जैसी गतिविधियों पर नजर रखने की जिम्मेदारी दी गई। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि गिरोह किन-किन आयोजनों में सक्रिय रहा है और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो नहीं है।

भीड़भाड़ में ये रखें सावधानी

  • कीमती सामान सुरक्षित रखें, मोबाइल, पर्स, चेन और नकदी को खुले में रखने से बचें।
  • भीड़ में सतर्क रहें, धक्का-मुक्की या असामान्य हरकत दिखे तो तुरंत अलर्ट हो जाएं।
  • अनजान लोगों से दूरी रखें, जरूरत से ज्यादा पास आने वाले या बातों में उलझाने वालों से सावधान रहें।
  • परिवार और बच्चों पर नजर रखें। भीड़भाड़ वाले आयोजन में साथ आए बच्चों और बुजुर्गों को अकेला न छोड़ें।
  • किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिसकर्मी या कंट्रोल रूम को दें।
Published on:
21 Mar 2026 08:58 am