
जयपुर में पांच बत्ती क्षेत्र में बारिश से खुशगवार दृश्य, पत्रिका फोटो
Rajasthan Weather Update: मजबूत व असामान्य पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से शुक्रवार को भी राजधानी जयपुर, कोटा, भरतपुर, सीकर सहित कई क्षेत्रों में मेघगर्जन के साथ बारिश हुई, कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि के समाचार हैं। वहीं हिमालयी रेंज में बर्फबारी के चलते गर्मी के तेवर पर ब्रेक लग गया और मौसम में ठंडक घुल गई है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने पर 21 और 22 मार्च को पूर्वोत्तर और पश्चिम के कुछ इलाकों में मेघगर्जन के साथ हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। राजस्थान में हुई बेमौसमी बारिश से फसलों को भारी नुकसान पहुंचने से किसानों की उम्मीदों पर पानी फिर गया है।
बीते 24 घंटे में अधिकांश जिलों में बीते एक दिन में 4 से 5 डिग्री अधिकतम तापमान में गिरावट आई, इसमें सर्वाधिक गिरावट करौली (8.3 डिग्री) और चित्तौड़गढ़ (6.8 डिग्री) में रही। राजधानी जयपुर में भी अधिकतम पारा 4.1 डिग्री गिरकर 26.0 डिग्री पर पहुंच गया वहीं न्यूनतम तापमान भी 5.3 गिरकर 16.1 डिग्री पर पहुंच गया। लोग सुबह शाम में गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए।
उधर मार्च में रहने वाले सामान्य तापमान में भी अधिकतम जिलों में 5-7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार पाली में सर्वाधिक 36, बीकानेर जिले के नोखा में 25 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। इसके अलावा झालावाड़ के मनोहरथाना क्षेत्र में ओले गिरे वहीं पाली, बारा, बूंदी से भी बारिश के समाचार है।
मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के मुताबिक, 20 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ का मुख्य प्रभाव उत्तर-पूर्वी राजस्थान में देखने को मिला। इसके अलावा एक और कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 21 और 22 मार्च को पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिले में हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है। हालाकि बाकी क्षेत्रों में अगले 4-5 दिनों तक मौसम शुष्क रहने के आसार है।
बीते 24 घंटे में जयपुर समेत कई जिलों में हुई तेज बारिश ने किसानों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। खेतों में काटकर रखी फसलें बारिश से भीग गई वहीं गेहूं, ईसबगोल की फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। तेज हवा चलने से खेतों में खड़ी फसलें आड़ी तिरछी गिरने से किसानों को अब कम उपज मिलना तय है। ऐसे में बंपर फसल की आस लगाए बैठे किसान मायूस हो गए हैं।
जयपुर. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से किसानों को हुए नुकसान को लेकर सभी जिला कलक्टरों से सर्वे करवाकर शीघ्र रिपोर्ट देने को कहा है। मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि राजस्थान की समृद्धि का आधार हमारे अन्नदाता है। संकट की घड़ी में राज्य सरकार किसान के साथ खड़ी है। प्रत्येक प्रभावित किसान को शीघ्र एवं समुचित सहायता उपलब्ध कराने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
Updated on:
21 Mar 2026 07:45 am
Published on:
21 Mar 2026 07:44 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
