
जयपुर। अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में कुख्यात डकैत जगन गुर्जर की गला घोंटकर हुई हत्या के बाद राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के राष्ट्रीय संयोजक और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने इस वारदात को लेकर प्रदेश की जेल सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। हनुमान बेनीवाल ने सोशल मीडिया X के जरिए पूरे घटनाक्रम में साजिश की आशंका जताते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मामले की तत्काल प्रभाव से सीबीआई (CBI) जांच कराने की मांग की है।
रालोपा सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल ने कहा कि अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में बंद डकैत जगन गुर्जर की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मृत्यु अत्यंत गंभीर घटना है। उन्होंने कहा कि यह घटना राजस्थान की सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली जेल की सुरक्षा व्यवस्था एवं जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े करती है। बेनीवाल के मुताबिक, प्रथम दृष्टया यह जेल प्रशासन की गंभीर लापरवाही की ओर संकेत करती है। साथ ही, इस पूरे मामले में किसी प्रकार की मिलीभगत या साजिश की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। ऐसी परिस्थितियों में केवल विभागीय जांच से निष्पक्ष एवं पारदर्शी सत्य सामने आने की संभावना कम प्रतीत होती है।
हनुमान बेनीवाल ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से अपील करते हुए कहा कि इस मामले की जांच तत्काल प्रभाव से सीबीआई से करवाई जाए, ताकि घटना के पीछे की साजिश, जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका का पर्दाफाश हो सके। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय से राजस्थान की जेलों से मुख्यमंत्री को धमकियां दिए जाने, आम नागरिकों एवं व्यापारियों से रंगदारी और वसूली की धमकियां देने, नशे के कारोबार संचालित होने तथा संगठित अपराधों के संचालन जैसी घटनाएं लगातार सामने आती रही हैं। ऐसे घटनाक्रम यह संकेत देते हैं कि कई माफिया एवं हार्डकोर अपराधी जेलों के भीतर से भी अपना आपराधिक नेटवर्क संचालित करते हुए राजस्थान में समानांतर सरकार चला रहे है जो कानून-व्यवस्था के लिए अत्यंत गंभीर चुनौती है।
बता दें कि अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में सोमवार दोपहर को डकैत रहे जगन गुर्जर की गला घोंटकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि भरतपुर के कुलदीप जघीना हत्याकांड के आरोपी ने जगन गुर्जर की हत्या की है। हार्डकोर बंदी दोनों एक ही बैरक में बंद थे। इस वारदात से पूरे पुलिस महकमे और जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और जेल प्रशासन के तमाम आला अधिकारी भारी जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे।