
जयपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में गांधी नगर थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, मणिशंकर अय्यर के बयान पर भाजपा ने विरोध-प्रदर्शन किया। दरअसल, यह मामला 14 मार्च को कनोडिया कॉलेज परिसर में आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम से जुड़ा है।
शिकायतकर्ता बाबूलाल तंवर (निवासी पालड़ी मीणा) ने आरोप लगाया है कि कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर ने प्रधानमंत्री के प्रति अभद्र और अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया। शिकायत में कहा गया है कि ये बयान जानबूझकर सामाजिक वैमनस्य फैलाने और लोगों की भावनाएं आहत करने के उद्देश्य से दिए गए, जिन्हें बाद में सोशल मीडिया पर भी प्रसारित किया गया।
तंवर ने इस बयान के पीछे पार्टी के राष्ट्रीय और प्रदेश स्तरीय पदाधिकारियों की साजिश होने का भी आरोप लगाया है। फिलहाल, पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए साक्ष्यों का विश्लेषण कर रही है।
कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर एक दिन पहले दिए गए कथित बयान के विरोध में भाजपा ने रविवार को जयपुर में विरोध प्रदर्शन किया। गांधी सर्किल पर एकत्रित कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए अय्यर के बयान को देश के प्रधानमंत्री और देश की गरिमा का अपमान बताया।
भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने कहा कि प्रधानमंत्री के खिलाफ अपमानजनक भाषा का प्रयोग पूरे देश का अपमान है। अय्यर को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। भूपेंद्र सैनी ने भी कहा कि प्रधानमंत्री के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध है।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा प्रदेश मंत्री अजीत माढण, कार्यालय मंत्री मुकेश पारीक, पूर्व सांसद रामचरण बोहरा, पूर्व महिला आयोग अध्यक्ष सुमन शर्मा, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष शंकर गोरा और जयपुर शहर जिलाध्यक्ष अमित गोयल सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।