
जयपुर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह आज दो दिवसीय राजस्थान दौरे पर आएंगे। अमित शाह राजस्थान को 12,112 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात देंगे। प्रदेश के 66.74 लाख लाभार्थी किसानों को मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि की छठी किस्त के 667.40 करोड़ रुपए डीबीटी के माध्यम से जारी करेंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत 152 करोड़ रुपए डीबीटी के माध्यम से जारी करेंगे। साथ ही मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव के राज्य स्तरीय समारोह में 10548 नवनियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे।
अमित शाह के दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर उदयपुर के डबोक एयरपोर्ट, सर्किट हाउस और विश्राम गृह के आसपास के क्षेत्र को नो फ्लाई जोन घोषित किया है। वहीं, अलवर शहर को नो ड्रोन जोन घोषित किया गया है। एसपी सुधीर चौधरी ने बताया कि 14 अगस्त की मध्यरात्रि से 17 अगस्त को दोपहर 12 बजे तक ड्रोन उड़ाने पर पाबंदी रहेगी।
जानकारी के अनुसार केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शनिवार रात उदयपुर पहुंचेंगे और रात्रि विश्राम यहीं करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शाह रात करीब 9 बजे महाराणा प्रताप एयरपोर्ट, डबोक पहुंचेंगे। यहां से वे सड़क मार्ग से उदयपुर आएंगे और रात्रि विश्राम करेंगे। अगले दिन सुबह निम्बाहेड़ा के लिए रवाना होंगे। वहां जे.के. सर्कल पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की विशाल प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इस मौके पर अमित शाह 15 जिलों को 5,659 करोड़ के 944 विकास कार्यों की सौगात देंगे। चित्तौड़गढ़ के निम्बाहेड़ा में अमित शाह 442 कार्यों का शिलान्यास और 502 कार्यों का लोकार्पण करेंगे। कार्यक्रम के बाद दोपहर में हेलिकॉप्टर से उदयपुर लौटेंगे और यहां से विशेष विमान के जरिये जयपुर के लिए रवाना होंगे।
केंद्रीय मंत्री के उदयपुर दौरे को देखते हुए जिला कलक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट गौरव अग्रवाल ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत सुरक्षा आदेश जारी किया है। इसके तहत डबोक एयरपोर्ट, सर्किट हाउस उदयपुर और सुखाड़िया सर्कल स्थित उदय किरण अधिकारी विश्राम गृह के आसपास के क्षेत्र को नो फ्लाई जोन घोषित किया गया है। आदेश के अनुसार 15 अगस्त शाम 5 बजे से 16 अगस्त दोपहर 2 बजे तक इन क्षेत्रों में ड्रोन, यूएवी, हॉट एयर बैलून उड़ाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। केंद्रीय मंत्री के प्रवास को देखते हुए पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी और अन्य व्यवस्थाओं के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
अमित शाह अलवर भी जाएंगे। जहां पर विजय नगर मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। साथ ही प्रदेश के 17 जिलों को 6,453 करोड़ के 954 विकास कार्यों की सौगात देंगे। अमित शाह 387 विकास कार्यों का शिलान्यास और 567 विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे। वे मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव के राज्य स्तरीय समारोह में 10548 नवनियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। प्रदेश के 66.74 लाख लाभार्थी किसानों को मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि की छठी किस्त के 667.40 करोड़ रुपए डीबीटी के माध्यम से जारी करेंगे। इसके अलावा सरस डेयरी के 200 करोड़ रुपए के नवीन प्लांट का शिलान्यास व मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण करेंगे।