जयपुर

जयपुर में पुलिस थाने के पास बेकाबू कार ने मारी टक्कर, स्कूटी सवार के टूटे दोनों पैर, पकड़ने की कोशिश की तो लोगों पर चढ़ाने का प्रयास, आरोप: दौड़ा रहा था नाबालिग

तेज रफ्तार कार ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार बाबूलाल गंभीर रूप से घायल हो गए।
2 min read
Feb 15, 2026
Feature image

जयपुर। सोडाला स्थित रामनगर मेट्रो स्टेशन चौराहे पर सुबह करीब 7 बजे तेज रफ्तार कार ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार बाबूलाल गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि बाबूलाल के दोनों पैरों में फ्रैक्चर हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने घायल को तुरंत हॉस्पिटल भिजवाया, जहां उसका इलाज जारी है। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।

चौंकाने वाली बात यह है कि घटनास्थल से सोडाला थाना महज 40 से 50 मीटर की दूरी पर है। इसके बावजूद पुलिस को मौके पर पहुंचने में करीब आधा घंटा लग गया। इससे लोगों में नाराजगी दिखी। लोगों का आरोप है कि कार नाबालिग चला रहा था। पुलिस आरोपी चालक की तलाश में जुटी है।

रेड लाइट पर खड़े स्कूटी सवार को मारी टक्कर

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाबूलाल निवासी सोडाला सुबह चार नंबर डिस्पेंसरी की तरफ से आ रहे थे। रामनगर मेट्रो स्टेशन चौराहे पर वे रेड लाइट होने के कारण रुके हुए थे। उन्हें बैकुंठनाथ मंदिर के पास सब्जी मंडी की तरफ अपनी दुकान पर जाना था। इसी दौरान चार नंबर डिस्पेंसरी की तरफ जाने वाली तेज रफ्तार कार का संतुलन बिगड़ा और वह गलत साइड में आ गई। कार खड़ी स्कूटी से टकरा गई, जिससे बाबूलाल सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

दोनों पैरों में फ्रैक्चर, एसएमएस में इलाज जारी

हादसे के बाद बाबूलाल दर्द से कराहते रहे। आसपास के दुकानदार और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस बुलवाई। प्राथमिक मदद के बाद बाबूलाल को एसएमएस हॉस्पिटल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार उनके दोनों पैरों में फ्रैक्चर हुआ है। फिलहाल उनका इलाज जारी है और हालत स्थिर बताई जा रही है। परिजन अस्पताल में मौजूद हैं।

कार चालक नाबालिग होने का आरोप

स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे के समय कार नाबालिग चला रहा था। टक्कर के बाद जब दुकानदारों ने कार चालक को रोकने की कोशिश की तो उसने उन पर भी गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आरोपी कार लेकर मौके से फरार हो गया।

Updated on:
15 Feb 2026 11:45 am
Published on:
15 Feb 2026 11:44 am