Abhijeet Dipke Slap Case: अभिजीत दिपके को थप्पड़ मारने के मामले में हिरासत में लिए गए युवक अर्जुन पंडित ने पुलिस कस्टडी के दौरान अपना पक्ष रखा है, साथ ही बाताया कि उन लोगों ने अभिजीत को क्यों थप्पड़ मारे। वहीं अभिजीत दिपके ने इस घटना को बेरोजगारी का नतीजा बताते हुए कहा कि आंदोलन किसी भी कीमत पर नहीं रुकेगा और 20 जून को दिल्ली में बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा।

जयपुर। अभिजीत दिपके को थप्पड़ मारने वाले युवकों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस कस्टडी के दौरान अर्जुन पंडित ने मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उसने बताया कि उनके 3-4 साथी पुलिस की कस्टडी में हैं। इनमें वह खुद अर्जुन पंडित, राकेश गुर्जर और रोहित आदि शामिल हैं। इस दौरान अर्जुन पंडित ने अभिजीत दिपके पर गंभीर आरोप लगाए और बताया कि प्रदर्शन के दौरान उनके लोग किस तरह से देश बांटने की बात कर रहे थे। युवक ने कहा कि 'कॉकरोच जनता पार्टी के लोग देश के लोगों को जातियों में बांटना चाहते हैं।'
अर्जुन पंडित ने कहा कि उनकी किसी को मारने की पहले से कोई योजना नहीं थी। वे लोग सिर्फ कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन देखने गए थे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि कॉकरोच जनता पार्टी के लोग आपस में देश बांटने की बातें कर रहे थे। अर्जुन का आरोप है कि ये लोग समाज को जाति और धर्म के आधार पर बांटने की प्लानिंग कर रहे थे। इन सब बातों को देखने और सुनने के बाद उनसे रहा नहीं गया और उन्होंने आपा खो दिया।
अर्जुन पंडित ने बताया कि जब कुछ लोग अभिजीत दिपके को कंधे पर लेकर जा रहे थे, तभी उन्होंने उन्हें थप्पड़ मार दिया। अर्जुन ने कहा कि हमने 'इनका इलाज कर दिया।' उसने खुद को राष्ट्रवादी विचारधारा का युवक बताते हुए कहा कि वे लोग देश को बंटने नहीं देंगे। इस दौरान अर्जुन ने अभिजीत दिपके के लिए अपशब्दों का भी प्रयोग किया।
इससे पहले राकेश गुर्जर का भी बयान सामने आया था। वीडियो में मुख्य तौर पर अभिजीत दिपके को थप्पड़ मारते हुए राकेश गुर्जर दिखाई दे रहा है। राकेश ने भी लगभग इसी तरह की बातें कहीं। उसने बताया कि वह जयपुर का रहने वाला है और उसका किसी राजनीतिक पार्टी से कोई लेना-देना नहीं है। राकेश ने कहा कि वह राष्ट्रवादी है और राजस्थान के अंदर इस तरह की बांटने वाली राजनीति नहीं होने देगा।
राकेश गुर्जर ने आरोप लगाया कि नीट पेपर लीक के नाम पर कुछ लोग देश को बांटने की साजिश रच रहे हैं और हिंदू समाज को बरगलाने का काम कर रहे हैं। युवक ने अभिजीत दिपके को चेतावनी भी दी। उसने कहा कि अगर जयपुर में इस तरह का काम दोबारा किया गया तो फिर उनका इलाज होगा।
वहीं थप्पड़कांड के बाद कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके के भी कई बयान सामने आए हैं। अभिजीत ने कहा कि वे इस तरह की घटना से भटकने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग आंदोलन को पटरी से उतारना चाहते हैं, लेकिन वे शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अड़े रहेंगे। अभिजीत ने आरोप लगाया कि कुछ लोग हिंदू-मुस्लिम के नाम पर समाज को बांटकर राजनीति कर रहे हैं, जिसे वे सफल नहीं होने देंगे। उन्होंने 20 जून को दिल्ली में बड़े आंदोलन का ऐलान करते हुए 'दिल्ली चलो' का नारा भी दिया।
इसके अलावा एक अन्य वीडियो में अभिजीत दिपके ने थप्पड़कांड को देश में बढ़ती बेरोजगारी का नतीजा बताया। उन्होंने कहा कि पिछले 40 वर्षों में पैदा हुई बेरोजगारी की स्थिति का यह उदाहरण है। अभिजीत ने कहा कि लोगों के पास रोजगार नहीं है, इसलिए इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने कहा कि जिस युवक ने उन्हें थप्पड़ मारा, अगर उसके पास नौकरी होती तो शायद वह इस तरह की हरकत नहीं करता। अभिजीत ने इसे देश में बेरोजगारी का एक बड़ा उदाहरण बताया।