
जयपुर। नगरीय निकाय चुनाव के नतीजों को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। गहलोत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि चुनाव में हार के बाद भाजपा अब मेयर बनाने के लिए पुलिस का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने पुलिस और जिला प्रशासन से निष्पक्ष भूमिका निभाने की अपील की है।
गहलोत ने अपने पोस्ट में आरोप लगाया कि मनमाने तरीके से परिसीमन, पूरी सरकारी मशीनरी के इस्तेमाल और मुख्यमंत्री के रोड शो सहित तमाम प्रयासों के बावजूद भाजपा को नगरीय निकाय चुनावों में हार का सामना करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि हार से बौखलाई भाजपा अब मेयर बनाने के लिए पुलिस का इस्तेमाल कर रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने दावा किया कि 10 नगर निगमों में से पाली, बीकानेर, अजमेर और भरतपुर नगर निगमों में भाजपा हार चुकी है। अब भाजपा जोधपुर और अलवर में निर्दलीय तथा कांग्रेस पार्षदों को पुलिस के जरिए डराकर-धमकाकर अपने पक्ष में करने का प्रयास कर रही है। गहलोत ने पुलिस और जिला प्रशासन से ऐसे किसी भी पक्षपातपूर्ण काम को रोकने की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस पूरे मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है।
गहलोत ने अपने पोस्ट में कहा कि यदि कोई अधिकारी ऐसे अनुचित कृत्यों में शामिल पाया जाता है तो उसकी जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने पुलिस और प्रशासन से निष्पक्ष तरीके से काम करने की अपील करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में किसी भी तरह का दबाव स्वीकार नहीं किया जाना चाहिए।