
Rajasthan Politics : राजस्थान विधानसभा चुनाव से पहले सत्ता का सेमीफाइनल माने जा रहे पंचायतीराज चुनावों के नतीजों ने प्रदेश की ग्रामीण राजनीति में बड़ा उलटफेर किया है। 37 जिलों में आए जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के परिणामों में विपक्ष को संजीवनी मिली है। कांग्रेस की इस जीत पर दिग्गज नेता अशोक गहलोत ने भाजपा और भजनलाल सरकार पर हमला करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने पंचायती राज चुनावों में करारी हार के बाद भी सबक नहीं सीखा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन से अपेक्षा है कि वह निष्पक्ष रहकर जनादेश का सम्मान करे।
कांग्रेस के दिग्गज नेता अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया अकाउंट X पर लिखा कि जनता ने भाजपा को आईना दिखा दिया। इसके बावजूद कई क्षेत्रों से खबरें आ रही हैं कि भाजपा सरकार पुलिस-प्रशासन पर दबाव बनाकर नगरीय निकाय चुनावों की तरह दादागिरी से बोर्ड बनाना चाहती है। यह किसी भी हालत में स्वीकार्य नहीं है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ऐसी घटनाओं की लगातार निगरानी कर रही है।
अशोक गहलोत ने लिखा कि जनता ने जनमत कांग्रेस पार्टी को दिया है। यदि राजनीतिक दबाव में कांग्रेस के लोगों पर अनुचित कार्रवाई की गई, तो इसे गंभीरता से लिया जाएगा। प्रशासन से अपेक्षा है कि वह निष्पक्ष रहकर जनादेश का सम्मान करे। पुलिस महानिदेशक और मुख्य सचिव यह सुनिश्चित करें कि प्रदेश में कहीं भी राजनीतिक दबाव में कोई अनुचित कार्रवाई न हो।
पंचायतीराज चुनावों के नतीजों के अनुसार 37 जिलों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के परिणामों में कांग्रेस ने न केवल अपना जनाधार बढ़ाया, बल्कि पंचायत समितियों में भी भाजपा से आगे निकल गई। पार्टियों के दावों के अनुसार, 24 में कांग्रेस को बहुमत मिला है तो भाजपा 5 जिलों में बहुमत में है। 1 जिले में रालोपा को बहुमत मिला है। 7 जिलों में बिना जोड़तोड़ सत्ता संभव नहीं है। पंचायत समितियों में भी कांग्रेस करीब 269 जगह प्रधान बनाने की स्थिति में है, जबकि भाजपा का आंकड़ा 73 के आसपास सिमटता दिख रहा है।
राज्य निर्वाचन आयोग ने 37 जिला परिषदों के 1275 और 419 पंचायत समितियों के 7543 वार्डों के परिणाम घोषित किए। चुनाव में कुल 29,177 उम्मीदवार मैदान में थे और 2 करोड़ 48 लाख 63 हजार 783 मत डाले गए। जिला प्रमुख के चुनाव 25 नवंबर और उप जिला प्रमुख के 26 नवंबर को होंगे। प्रधान के चुनाव 27 नवंबर तथा उप प्रधान के 28 नवंबर को होंगे।