जयपुर

Paper Leak: SOG का बड़ा खुलासा, राजस्थान में लीक हुआ था इस बड़ी परीक्षा का पेपर, बाबूलाल कटारा ने 60 लाख में बेचा

Rajasthan Paper Leak Case: राजस्थान में एक और भर्ती परीक्षा पेपर लीक का मामला सामने आया है। एसओजी जांच में खुलासा हुआ कि कृषि विज्ञान व्याख्याता भर्ती परीक्षा-2022 का पेपर लाखों रुपए में बेचा गया था।
2 min read
May 10, 2026
Rajasthan Paper Leak Case
फाइल फोटो- पत्रिका

जयपुर। राजस्थान में प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और धांधली के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने बड़ा खुलासा किया है। एसओजी जांच में सामने आया है कि कृषि विज्ञान व्याख्याता भर्ती परीक्षा-2022 का पेपर भी लीक हुआ था। इस मामले में एसओजी ने पूर्व आरपीएससी सदस्य बाबूलाल कटारा, उसके भांजे विजय डामोर और कुख्यात पेपर माफिया अनिल उर्फ शेर सिंह मीणा को जेल से प्रॉडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है।

शेर सिंह मीणा को बेचा था पेपर

एसओजी के एडीजी विशाल बंसल ने बताया कि आरोपी बाबूलाल कटारा ने कृषि विज्ञान भर्ती परीक्षा का प्रश्न पत्र 60 लाख रुपए में शेर सिंह मीणा को बेचा था। इसके बाद शेर सिंह मीणा ने मोटे मुनाफे में यह पेपर भूपेन्द्र सारण और सुरेश ढाका को बेच दिया। बाद में यह पेपर लाखों रुपए लेकर अभ्यर्थियों तक पहुंचाया गया।

उन्होंने बताया कि एसओजी को सूचना मिली थी कि वर्ष 2022 में आयोजित व्याख्याता (कृषि विज्ञान) भर्ती परीक्षा में कुछ अभ्यर्थियों ने फर्जी शैक्षणिक दस्तावेजों के आधार पर नौकरी हासिल की है। इस मामले में फागी के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में कार्यरत स्कूल व्याख्याता (कृषि) अनीता चौधरी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। जांच में सामने आया कि उसने ओपीजेएस विश्वविद्यालय, चूरू से बैक डेट में फर्जी एमएससी एग्रीकल्चर की मार्कशीट तैयार करवाई और उसी के आधार पर सरकारी नौकरी हासिल की।

जांच के दौरान अशोक कुमार यादव का नाम भी सामने आया। वह सीकर जिले के एक सरकारी विद्यालय में स्कूल व्याख्याता (कृषि विज्ञान) के पद पर कार्यरत था। जांच में पता चला कि उसने भी बीएड और एमएससी एग्रीकल्चर की फर्जी अंकतालिकाएं तैयार करवाई थीं और गलत जानकारी देकर भर्ती परीक्षा में चयन प्राप्त किया था।

कटारा पर चौथा पेपर लीक करने का आरोप

एसओजी जांच में सामने आया कि उदयपुर के बेकरिया थाना क्षेत्र में चलती बस में सीनियर टीचर भर्ती परीक्षा का पेपर अभ्यर्थियों को पढ़ाने का मामला सामने आया था। इसी मामले में बाबूलाल कटारा को मार्च 2023 में गिरफ्तार किया गया था और तब से वह जेल में है। इसके बाद उसे फर्स्ट ग्रेड अर्थशास्त्र, एसआई भर्ती परीक्षा और अब कृषि विज्ञान भर्ती परीक्षा का पेपर लीक करने के मामलों में भी गिरफ्तार किया गया है। एसओजी अब इस बात की जांच कर रही है कि बाबूलाल कटारा के कार्यकाल में किन-किन प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर तैयार हुए और उनमें कहीं गड़बड़ी तो नहीं हुई।

Published on:
10 May 2026 07:56 pm