जयपुर

Weather Update : बंगाल की खाड़ी का कम दबाव राजस्थान पर डालेगा असर, जानें मौसम का हाल

Weather Update : मौसम विभाग की नई भविष्यवाणी के अनुसार जानें राजस्थान का मौसम कैसा रहेगा? वहीं इस मानसून में बारिश से अब तक 211 बांध सूखे है सिर्फ 42 बांध ही भरे हैं।
2 min read
Bay of Bengal Low pressure will affect Rajasthan Know weather Prediction
Rajasthan Weather Update : फाइल फोटो - ANI

Weather Update : मौसम विभाग की नई भविष्यवाणी के अनुसार पूर्वी राजस्थान के उदयपुर, जयपुर, अजमेर संभाग के अधिकांश हिस्सों में भी आगामी एक सप्ताह कमजोर मानसून परिस्थितियां रहने की प्रबल संभावना है। हालांकि, कोटा, भरतपुर, जयपुर संभाग के पूर्वी भागों के जिलों में 25 से 27 अगस्त को कुछ भागों में हल्की मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान दक्षिण-पूर्वी भागों में कहीं-कहीं मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार आज उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी व आस-पास के क्षेत्र के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है तथा वर्तमान में राज्य के अधिकांश भागों में शुष्क दक्षिण-पश्चिमी हवाएं प्रभावी है। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग के अधिकांश भागों में आगामी एक सप्ताह मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान सीमावर्ती क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 36 से 39 डिग्री से. दर्ज होने की प्रबल संभावना है।

राजस्थान में मानसून ने दिखाई बेरुखी

वहीं दूसरी तरफ राजस्थान में मानसून की बेरुखी का असर बारिश और बांधों पर देखने को मिल रहा है। जल संसाधन विभाग के मानसून के 50 दिन के आंकड़ों को देखें तो 30 सितंबर तक सामान्य बारिश का 424.71 मिमी का आंकड़ा भी पूरा होना मुश्किल दिख रहा है। आधा सीजन निकलने के बाद भी 278.44 मिमी ही बारिश हो सकी है, जो कुल सामान्य बारिश का करीब 65 फीसदी है।

इस मानसून में अब तक 211 बांध सूखे, सिर्फ 42 बांध ही भरे

मौसम विभाग ने भी आगामी दिनों में भारी बारिश की कोई संभावना नहीं जताई है। वहीं, गत वर्ष 22 अगस्त तक 424.71 मिमी के मुकाबले 453 मिमी बारिश दर्ज की गई थी, जो सामान्य से 0.16 फीसदी अधिक थी। पिछले साल मानसून में 693 बांधों में से 286 बांध लबालब हो गए थे, लेकिन इस साल केवल 42 बांध ही भर सके हैं। राजस्थान में बीते 24 घंटे में आंशिक भरे हुए बांधों की संख्या 440 है। जबकि प्रदेश में इस मानसून में 211 बांध अब तक सूखे हुए हैं।

जयपुर जोन के बांधों में कुल भराव क्षमता का 55.44 फीसदी पानी

जयपुर जोन के बांधों में कुल भराव क्षमता का 55.44 फीसदी पानी, भरतपुर जोन के बांधों में कुल भराव क्षमता का 44.24 फीसदी पानी, जोधपुर जोन के बांधों में कुल भराव क्षमता का 18.30 फीसदी पानी, कोटा जोन के बांधों में कुल भराव क्षमता का 70.71 प्रतिशत पानी, बांसवाड़ा जोन के बांधों में कुल भराव क्षमता का 58.01 फीसदी पानी, उदयपुर जोन के बांधों में कुल भराव क्षमता का 44.55 फीसदी पानी है।

Updated on:
23 Aug 2026 03:41 pm
Published on:
23 Aug 2026 03:41 pm