Festive Season : लेकिन इस बार शहरवासियों के मन में खुशी के साथ चिंता भी घर कर गई है। आप सोच रहे होंगे कि ऐसा क्या हुआ, जो खुशियों के पर्व पर चिंता की लकीरें खिंच गईं? तो सुनिए, वजह बेहद चिंताजनक है।
जयपुर। दीपावली की रौनक चारों ओर फैली है। लोग अपने परिवार के साथ यह पर्व मनाने के लिए उत्साहित हैं, लेकिन इस बार शहरवासियों के मन में खुशी के साथ चिंता भी घर कर गई है। आप सोच रहे होंगे कि ऐसा क्या हुआ, जो खुशियों के पर्व पर चिंता की लकीरें खिंच गईं? तो सुनिए, वजह बेहद चिंताजनक है। राजधानी जयपुर में दीपावली के आसपास चोरी की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। रोजाना चार से पांच मकानों के ताले टूट रहे हैं और लाखों का सामान गायब हो रहा है। ऐसे में अगर आप भी नौकरी के सिलसिले में शहर में रहते हैं और दीपावली पर अपने गांव या घर जाने की सोच रहे हैं, तो सावधान हो जाइए! कहीं आपकी खुशियां कड़वाहट में न बदल जाएं।
क्या है बड़ा खतरा?: दीपावली पर लोगों के मकान, फ्लैट्स और बंगलों पर चोरों की बुरी नजर है। बढ़ती चोरी की घटनाओं ने लोगों को सतर्क कर दिया है। अगर आप भी दीपावली पर बाहर जा रहे हैं, तो अपने घर को सूना छोड़ने से पहले सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम जरूर कर लें। मकान में कोई कीमती सामान छोड़ना आपके लिए भारी पड़ सकता है।
पुलिस का 'नजर एप' करेगा सुरक्षा : पुलिस कमिश्नर बीजू जॉर्ज जोसफ ने अपराधियों पर काबू पाने के लिए 'नजर एप' की शुरुआत की थी। इस एप की मदद से आप अपने किराएदारों और नौकरों की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। और अगर आप घर को सूना छोड़ रहे हैं, तो ' नजर एप ' पर इसकी जानकारी पुलिस को जरूर दें, ताकि वे आपकी अनुपस्थिति में विशेष निगरानी रख सकें।
घर की सुरक्षा पर ऐसे रखें नजर: एडिशनल पुलिस कमिश्नर कुंवर राष्ट्रदीप का कहना है कि यदि संभव हो सके तो परिवार का एक सदस्य घर पर मौजूद रहे। अगर परिवार के सभी सदस्य बाहर जा रहे हैं, तो पड़ोसी या स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना जरूर दें। इससे आपके घर की सुरक्षा बनी रहेगी।
इस दीवाली, अपनी खुशियों को सुरक्षित रखने के लिए कुछ सावधानी बरतें। दीपावली की मिठास कहीं चोरी की कड़वाहट में न बदल जाए!