जयपुर

वफ़ादार बनकर नौकर ही दे रहें हैं मालिकों को धोखा

कई जगह नौकर वारदात कर हो चुके रफूचक्कर
2 min read
• •
Updated: 22 May 2018, 12:04 PM IST
servant varification
वफादार बनकर नौकर ही दे रहें है मालिकों को धोखा

जयपुर . राजधानी में घरों और दुकानों पर नौकर तो रखे जा रहे हैं, लेकिन उनका पुलिस सत्यापन कराने में लापरवाही बरती जा रही है। हाल ही हुई कई वारदात में नौकरों के नाम सामने आने पर पता चला कि उनका दुकान या मकान मालिक के पास कोई रिकॉर्ड नहीं है। एेसे में पुलिस भी कार्रवाई नहीं कर पा रही है। एेसी भी घटनाएं हुई हैं, जिसमें रोकने पर मालिक या उनके परिवार के सदस्यों पर ही हमला किया गया। हालांकि पुलिस इस मामले में लोगों को समय-समय पर जागरूक करती है।

एेसे कराएं सत्यापन

पुलिस थाने जाकर निर्धारित फॉर्म लेकर उसमें नौकर का विवरण भरें और पहचान आदि के दस्तावेज जमा कराएं। ई-मित्र पर भी फीस देकर पुलिस सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।

गल्ले से ले गया 6 लाख

कोतवाली थाना इलाका स्थित रायसर प्लाजा में फुटवियर शॉप में काम करने वाला नौकर बबलू सैनी मौका पाकर गल्ले से छह लाख रुपए चोरी कर ले गया। वह पिछले पांच साल से वहां नौकरी कर रहा था। इस संबंध में विद्याधर नगर निवासी दुकान मालिक हीरालाल ने आरोपित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।

गहने, नकदी, कीमती सामान पार

माणकचौक थाना इलाके के जनता बाजार में घरेलू नौकर मकान से लाखों रुपए के सोने-चांदी जेवरात, हजारों की नकदी एवं अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गया। वह कई साल से नौकरी कर रहा था। आरोपित नौकर के खिलाफ मकान मालिक आशीष गुप्ता ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।

इन निर्देशों की करें पालना

- व्यक्ति व संस्थाएं घरेलू नौकर, ड्राइवर, चौकीदार, निजी कर्मचारी, सैल्समेन रखें तो पहले पुलिस सत्यापन करवाएं।

- उनका फोटो, नंबर, सदस्यों का विवरण, स्थानीय पहचान कर्ता एवं मूल निवास की पहचान का भी विवरण अपने पास रखें।

सुरक्षा के लिए है जरूरी

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश मील ने कहा की परिवार की सुरक्षा के लिए अपने यहां काम पर रखे नौकरों का पुलिस वेरीफिकेशन आवश्यक रूप से कराएं ताकि किसी भी प्रकार की आपराधिक वारदात होने से बच सकें।

Published on: