
जयपुर/भीलवाड़ा। आर्टिफिशियल ज्वेलरी की छोटी-सी दुकान चलाने वाले पिता ने अपनी सबसे बड़ी बेटी प्राची को चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) बनाने का सपना देखा था, लेकिन एक गलत इंजेक्शन ने हंसते-खेलते परिवार की सारी उम्मीदों को हमेशा के लिए खामोश कर दिया। सीए की पढ़ाई कर रही होनहार छात्रा प्राची मेहता की मौत के बाद जब शनिवार देर रात उदयपुर से उसका शव भीलवाड़ा पहुंचा, तो रात के सन्नाटे में परिजनों की चीत्कार से समूचे मोहल्ले की आंखें नम हो गई। किसी को यकीन ही नहीं हो रहा था कि तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी और सबकी लाडली प्राची अब इस दुनिया में नहीं रही। रविवार सुबह टंकी के बालाजी मोक्षधाम में गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार हुआ।
घटना के बाद क्षेत्रवासियों में भारी रोष है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस मेडिकल स्टोर की लापरवाही से पहले भी कई जानें जा चुकी हैं, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं हुई। सुभाषनगर थाना प्रभारी कैलाश कुमार विश्नोई ने बताया कि मृतका के अंकल राजेश मेहता की रिपोर्ट पर आरोपी संचालक रामप्रसाद के खिलाफ बीएनएस की धारा 105 के तहत गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
पुलिस अनुसंधान में सामने आया कि 11 नवंबर की दोपहर बाद प्राची को बुखार की शिकायत होने पर परिजन उसे सुभाषनगर डिस्पेंसरी लेकर आए। भाईदूज पर्व के अवकाश के कारण डिस्पेंसरी सुबह 11 बजे ही बंद हो चुकी थी। ऐसे में परिजन डिस्पेंसरी से महज कुछ कदम दूर स्थित लवकुश मेडिकल स्टोर पर चले गए।
वहां मेडिकल स्टोर संचालक रामप्रसाद शर्मा ने जल्द आराम मिलने का भरोसा दिलाते हुए प्राची को इंजेक्शन लगाया। घर लौटने के बाद रात में प्राची को तेज बुखार के साथ पैर में असहनीय दर्द शुरू हो गया। अगले दिन 12 नवंबर को पैर में सूजन बढ़ने पर परिजन प्राची को उसी मेडिकल स्टोर पर ले गए, जहां संचालक ने दर्द निवारक गोली देकर भेज दिया।
घर पहुंचते ही हालत और बिगड़ने पर परिजन उसे रामस्नेही हॉस्पिटल ले गए। यहां से हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद उसे उदयपुर के गीतांजलि हॉस्पिटल में भर्ती कराया। वहां डॉक्टरों ने बताया कि पैर में संक्रमण तेजी से फैल चुका है और जान बचाने के लिए पैर काटना पड़ेगा। परिजनों की सहमति के बाद 13 नवंबर को चिकित्सक ऑपरेशन की तैयारी कर ही रहे थे कि प्राची का पूरा पैर नीला पड़ गया और उसकी मौत हो गई। संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद पुलिस ने उदयपुर में मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम कराया। जांच में पता चला है कि आरोपी रामप्रसाद लंबे समय से मेडिकल स्टोर चला रहा है, उसका पैतृक कारोबार मिठाई बनाने का है और उसकी पत्नी पूर्व में वार्ड पार्षद भी रह चुकी है।