जयपुर

राजस्थान बीजेपी ने कम सदस्य बनाए तो बिफरे बीएल संतोष, बोले- फील्ड में क्यों नहीं गए? दिए ये मंत्र

BJP Membership in Rajasthan: राजस्थान बीजेपी में सदस्यता अभियान की धीमी गति को लेकर राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष नाराजगी जताई। उन्होंने पदाधिकारियों से सवाल किया कि क्या टीम को काम करने में कोई दिक्कत आ रही है?
2 min read
Sep 27, 2024
Feature image

BJP Membership in Rajasthan: भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष ने प्रदेश में सदस्यता अभियान की धीमी गति को लेकर नाराजगी जताई। भाजपा प्रदेश कार्यालय में गुरुवार को आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने प्रदेश व जिला पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों से सवाल किया कि क्या आप प्रवास पर नहीं जा रहे? फील्ड में क्यों नहीं गए? क्या टीम को काम करने में कोई दिक्कत आ रही है?

उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान कार्यकर्ता निर्माण की दिशा में पहला कदम है, इसलिए इस पर गंभीरता से काम करें। मैं यहां एक-एक व्यक्ति का रिकॉर्ड देखने आया हूं। कार्यालय में संतोष ने दूसरे सत्र में जयपुर और अन्य संभागों के जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद किया।

अभी करीब 24 लाख ही सदस्य बने

गौरतलब है कि दूसरे राज्यों की तुलना में राजस्थान में अभी करीब 24 लाख ही सदस्य बने हैं, जबकि टारगेट 1.20 करोड़ का है। भाजपा सदस्यता अभियान के प्रदेश प्रभारी ऋतुराज सिन्हा ने बताया कि अगले 18 दिनों में सदस्यता को गति देने के लिए तीन महा अभियान चलेंगे।

खेतों में जाकर सदस्य बनाएं- बीएल संतोष

सदस्य संख्या के सवाल पर कई संयोजकों ने तर्क दिया कि यह समय खेती का चल रहा है, इसलिए सदस्यता कम रही है। इस पर संतोष ने कहा कि लोग खेती में व्यस्त हैं तो खेतों में जाकर सदस्य बनाएं। उन्होंने कहा राजस्थान में बड़ी संख्या में भाजपा जनप्रतिनिधि हैं। क्या आपने जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य और पार्षदों की बैठक ली। बैठक के बाद संतोष ने उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा को अलग से बुलाया। उनसे करीब दस मिनट तक बातचीत की।

पदाधिकारियों को दिए ये मंत्र

- प्रतिदिन सदस्य बनाएं

- मंडल के हर बूथ पर सक्रिय हों

- अभियान में व्यक्तिगत रेफरल की संख्या बढाएं

इन्होंने भी पढ़ाया पाठ

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि भाजपा आरक्षित वर्ग के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है, जबकि कांग्रेस और अन्य दल उन्हें केवल वोट बैंक मानते रहे हैं। हमें भाजपा के विचार को जनता तक पहुंचाने के लिए सदस्यता बढ़ानी है। वहीं, भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं से मजबूत मन के साथ संगठन के कार्य में जुटने के लिए कहा।

गौरतलब है कि भाजपा ने देशभर में 2 सितम्बर से सदस्यता अभियान शुरू किया है। वहीं राजस्थान में 3 सितम्बर को यह अभियान शुरू किया गया था। राजस्थान में भाजपा ने सवा करोड़ सदस्य बनाने का टारगेट तय किया है।

Published on:
27 Sept 2024 09:49 am