जयपुर

Rajasthan Politics : भाजपा ने ‘फेसबुक’ पर छुआ 3 मिलियन फ़ॉलोअर्स का आंकड़ा, क्या जानते हैं कांग्रेस-RLP-BSP का हाल?

राजस्थान की सियासत अब केवल चौपालों, रैलियों और विधानसभा के गलियारों तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि इसका एक बड़ा हिस्सा 'डिजिटल स्क्रीन' पर शिफ्ट हो चुका है। राजस्थान में भाजपा ने सोशल मीडिया के सबसे बड़े मंच फेसबुक पर एक ऐसा मुकाम हासिल किया है, जिसने कांग्रेस को मीलों पीछे छोड़ दिया है।
2 min read
Apr 05, 2026
Feature image

राजस्थान की राजनीति में 'सोशल इंजीनियरिंग' के बाद अब 'डिजिटल इंजीनियरिंग' का दौर है। भारतीय जनता पार्टी राजस्थान ने डिजिटल दुनिया में अपनी बादशाहत कायम करते हुए फेसबुक पर 3 मिलियन (30 लाख) फॉलोअर्स का आंकड़ा पार कर लिया है। इस उपलब्धि के साथ ही भाजपा ने सोशल मीडिया की दौड़ में अपनी मुख्य प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस पर 'डबल' से भी ज्यादा की बढ़त बना ली है। भाजपा ने इसे अपनी विचारधारा और सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जनता का 'अटूट विश्वास' करार दिया है।

'3 Million Strong'... भाजपा ने जताया जनता का आभार

प्रदेश भाजपा के आधिकारिक फेसबुक पेज ने जैसे ही 30 लाख का आंकड़ा छुआ, संगठन में जश्न का माहौल छा गया। भाजपा ने अपनी पोस्ट में लिखा:
"3 Million Strong – आपका विश्वास, हमारी शक्ति। यह उपलब्धि केवल एक संख्या नहीं, बल्कि आप सभी के अटूट विश्वास और सहभागिता का प्रतीक है। आपके सहयोग से ही हम जन-जन तक संगठन की विचारधारा और सरकार की योजनाओं को पहुँचाने में सफल हो पा रहे हैं।"

भाजपा ने इस सफलता का श्रेय अपने जमीनी कार्यकर्ताओं, सोशल मीडिया टीम और राजस्थान की जनता को दिया है।


कांग्रेस वर्सेज भाजपा: 'डिजिटल रेस' में पिछड़ा 'हाथ'

अगर राजस्थान की दो मुख्य पार्टियों की तुलना करें, तो फेसबुक के मैदान में भाजपा, कांग्रेस से लगभग 2 मिलियन (20 लाख) फॉलोअर्स आगे चल रही है।

राजस्थान भाजपा: 3 मिलियन (30 लाख) फॉलोअर्स।

राजस्थान कांग्रेस: 1.1 मिलियन (11 लाख) फॉलोअर्स।

Facebook Page : Congress V/S BJP

आंकड़ों से साफ है कि डिजिटल पहुंच के मामले में कांग्रेस फिलहाल भाजपा के मुकाबले काफी पीछे खड़ी है। हालांकि, कांग्रेस लगातार 'वार-पलटवार' में सक्रिय है, लेकिन 'फॉलोअर बेस' के मामले में उसे कड़ी मशक्कत करनी होगी।

एक्स (ट्विटर) पर भी भाजपा का बोलबाला

केवल फेसबुक ही नहीं, बल्कि 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर भी भाजपा ने कांग्रेस को पछाड़ रखा है:

राजस्थान भाजपा: 9 लाख 64 हजार फॉलोअर्स।

राजस्थान कांग्रेस: 4 लाख 8 हजार फॉलोअर्स।

यहाँ भी भाजपा, कांग्रेस से करीब 5 लाख से अधिक फॉलोअर्स की बढ़त बनाए हुए है।

अन्य क्षेत्रीय दलों की क्या है स्थिति?

राजस्थान की सियासत में अपनी जमीन तलाश रहे अन्य दलों की डिजिटल उपस्थिति फिलहाल बेहद सीमित है:

राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP): हनुमान बेनीवाल की पार्टी के फेसबुक पर 2 लाख 51 हजार फॉलोअर्स हैं।

भारत आदिवासी पार्टी (BAP): दक्षिण राजस्थान में सक्रिय इस नई पार्टी के 28 हजार फॉलोअर्स हैं।

बसपा राजस्थान: मायावती की पार्टी के प्रदेश पेज पर मात्र 14 हजार फॉलोअर्स हैं।

क्यों जरूरी है यह 'डिजिटल माइलस्टोन'?

आगामी चुनावों और वर्तमान सरकार की ब्रांडिंग के लिहाज से यह संख्या काफी महत्वपूर्ण है। 30 लाख फॉलोअर्स का मतलब है कि भाजपा का एक सिंगल पोस्ट राजस्थान के हर कोने में लाखों मोबाइल स्क्रीन तक सेकंडों में पहुँच रहा है। जहाँ कांग्रेस सरकार को घेर रही है, वहीं भाजपा अपने इस विशाल डिजिटल परिवार के जरिए सरकार की उपलब्धियों का 'काउंटर-नैरेटिव' सेट कर रही है।

Updated on:
05 Apr 2026 03:45 pm
Published on:
05 Apr 2026 03:27 pm