जयपुर

Jaipur: पब्लिक पार्क के पास लहलहा रही नशे की फसल, गंध से खुला बड़ा राज, ऑपरेशन एंटी वेनम में एक्शन

Jaipur Drug Bust: जयपुर जिले में खेतों में फसलों की आड़ में नशे की उगाई जा रही फसल को अब राजस्थान पुलिस नेस्तनाबूद कर रही है। खेजरोली कस्बे में मूंडरू रोड पर पुलिस ने पब्लिक पार्क के पास खेत में उगाए गांजे के 1057 पौधे बरामद किए हैं।
2 min read
Mar 28, 2026
गांजे को लेकर कार्यवाही करती पुलिस, पत्रिका फोटो
गांजे को लेकर कार्यवाही करती पुलिस, पत्रिका फोटो

Jaipur Drug Bust: जयपुर जिले में खेतों में फसलों की आड़ में नशे की उगाई जा रही फसल को अब राजस्थान पुलिस नेस्तनाबूद कर रही है। नशे की फसल उगा रहे तस्करों में अब पुलिस का खौफ बढ़ने लगा है लेकिन दूसरी तरफ खुलेआम मादक पदार्थों की हो रही पैदावार पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर रही है। ऐसा ही एक मामला जिले के खेजरोली कस्बे में मूंडरू रोड पर सामने आया है। पुलिस ने पब्लिक पार्क के पास खेत में उगाए गांजे के 1057 पौधे बरामद किए हैं।

पब्लिक पार्क के पास उगाई नशे की फसल

खेजरोली कस्बे में सार्वजनिक पार्क के पास एक खेत में खड़े गांजे के पौधों को लेकर पुलिस ने शुक्रवार को कार्रवाई की। जयपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद मीणा ने बताया कि पुलिस महानिरीक्षक जयपुर रेंज राहुल प्रकाश ने 15 मार्च से 31 मार्च तक ड्रग्स तस्कर, सप्लायर और उपभोक्ताओं के खिलाफ ऑपरेशन एंटी वेनम अभियान चलाने के निर्देश दिए थे, जिस पर खेजरोली में कार्रवाई के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रजनीश पूनिया व डीएसपी राजेश जांगिड़ के सुपरविजन तथा गोविंदगढ़ थाना अधिकारी विनोद कुमार सांखला के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन कर कार्रवाई की गई।

गंध सूंघकर पहुंची पुलिस

गोविंदगढ़ थाना अधिकारी सांखला ने बताया कि खेजरोली में मूंडरू रोड पर सार्वजनिक पार्क के पास एक खेत के लगी तारबंदी के पास पहुंचे तो अंदर पौधों से गांजा जैसी गंध आई। खेजरोली चौकी प्रभारी धर्मपाल यादव को जाप्ते सहित तलब किया, जिस पर पुलिसकर्मियों ने पौधे की पहचान की तो गांजे के पौधों के रूप मे पहचान हुई। वहीं खेत मालिक के बारे में पूछा तो खेत नरपत सिंह उर्फ लालसिंह पुत्र उमेद सिंह निवासी खेजरोली का होना बताया।

मौके पर गांजे के 1057 बरामद

पुलिस जाप्ता की मदद से पौधों को जड़ सहित उखाड़कर गिना तो 1057 पौधे पाए गए, जिनका वजन 74.470 किलोग्राम हुआ। पुलिस ने अज्ञात अभियुक्तों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। इस दौरान थाना अधिकारी विनोद कुमार सांखला, चौकी प्रभारी धर्मपाल यादव, कांस्टेबल भारत भूषण, दिनेश कुमार, संजय कुमार,सुरज्ञान देवी,संजय कुमार,मुकेश कुमार का सहयोग रहा।

ऑपरेशन एंटी वेनमः 10 दिन में 152 कार्रवाई, 160 ड्रग तस्कर अरेस्ट

जयपुर रेंज में ड्रग्स तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन एंटी वेनम के तहत पुलिस ने बीते 10 दिन में 152 कार्रवाई कर 160 तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा मैं गांजा, स्मैक, डोडा पोस्त एमडी ड्रग्स सहित विभिन्न प्रकार के मादक पदार्थ बरामद किए हैं।

पुलिस महानिरीक्षक राहुल प्रकाश ने बताया कि अभियान का प्रथम चरण 31 मार्च तक जारी रहेगा। इसके बाद दूसरे चरण में नशा करने वाले लोगों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा,जिसमें पहले उन्हें जागरूक किया जाएगा और नहीं मानने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान जयपुर ग्रामीण में 39, सीकर और दौसा में 27-27, झुंझुनू, खैरथल और भिवाड़ी में 16-16, कोटपूतली में 15 तथा अलवर में 12 कार्रवाई की जा चुकी हैं।

200 ड्रग तस्करों का पता चला

ऑपरेशन के दौरान पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में करीब 200 अन्य ड्रग तस्करों और एक हजार से अधिक नियमित नशा करने वाले लोगों की पहचान सामने आई है, जो अब पुलिस के रडार पर हैं।

Updated on:
28 Mar 2026 08:35 am
Published on:
28 Mar 2026 08:35 am