
बीसलपुर पाइपलाइन में लीकेज से जयपुर में दो दिन जलापूर्ति ठप, पत्रिका फोटो
Bisalpur Pipeline Leakage: जयपुर शहर के बाशिंदों को अगले 2 दिन पेयजल संकट का सामना करना पड़ सकता है। तापमान में बढ़ोतरी के साथ ही शहर में पानी की खपत भी बढ़ने लगी है। दूसरी तरफ शहर की लाइफ लाइन बीसलपुर सिस्टम की सूरजपुरा से जयपुर तक बिछी 2300 एमएम की पाइप लाइन में सूरजपुरा फिल्टर प्लांट से 26 किलोमीटर जयपुर की तरफ लाइन में लीकेज सामने आया है।
लाइन के लीकेज की मरम्मत के लिए अतिरिक्त मुख्य अभियंता अजय सिंह राठौड़ ने शनिवार रात 8 बजे से रविवार रात 8 बजे तक बीसलपुर सिस्टम के शटडाउन की घोषणा की है। इसके बाद 31 मार्च को सुबह से शहर को बीसलपुर सिस्टम से सप्लाई शुरू होगी। यानि करीब 60 घंटे बाद मंगलवार सुबह से शहर की 50 लाख की आबादी को बीसलपुर सिस्टम से पानी मिलेगा।
मिली जानकारी के अनुसार लाइन में लीकेज बीते एक साल से था और इंजीनियरों के अनुसार रोजाना 50 लाख लीटर पानी यानी 37 हजार लोगों के हिस्से का पानी बर्बाद हो रहा था। लेकिन लाइन के रखरखाव पर प्रतिमाह 35 लाख रुपए का भुगतान उठा रही फर्म भी चुप्पी साधे बैठी थी। पाइप लाइन में संभावित बड़े लीकेज को रोकने और वर्तमान में हुए लीकेज को ठीक करने के लिए शटडाउन लेना बेहद जरूरी हो गया। जिसके कारण जयपुर शहर में शनिवार रात 8 बजे से रविवार रात 8 बजे तक शटडाउन रहेगा। हालांकि जलदाय अधिकारियों ने समय से पूर्व काम पूरा होने पर बीसलपुर से जयपुर को सप्लाई शुरू करने की बात कही है।
अपील…जरूरतों के हिसाब से पानी का करें स्टोरेज
अतिरिक्त मुख्य अभियंता अजय सिंह राठौड़ ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अपनी पेयजल जरूरतों के हिसाब से पानी एकत्रित कर लें। शहर में रूटीन पेयजल सप्लाई नहीं होने की स्थिति में शहरवासी किफायत से पानी का उपयोग करें।
लीकेज से पानी बर्बाद हो रहा था और इसकी मरम्मत बेहद जरूरी थी। क्योंकि इस लीकेज की सप्लाई पर गर्मी में विपरीत प्रभाव आता। तय शेड्यूल के हिसाब से 24 घंटे में मरम्मत का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। शटडाउन के दौरान नलकूपों से शहर की पेयजल व्यवस्था सुचारू रखी जाएगी।
Updated on:
28 Mar 2026 06:48 am
Published on:
28 Mar 2026 06:47 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
