सीएम भजनलाल शर्मा ने बताया कि जनगणना 2027 की प्रक्रिया 1 मई 2026 से शुरू होगी। 1 से 15 मई तक स्वगणना और 16 मई से 14 जून तक घर-घर सर्वे होगा। लोगों से सही जानकारी देने और सहयोग की अपील की गई है।
जयपुर: राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि राज्य में 1 मई 2026 से जनगणना 2027 की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। इसकी तैयारी के तहत दो चरणों में काम किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 1 मई से 15 मई 2026 तक नागरिक खुद स्वगणना कर सकेंगे। इसके बाद 16 मई से 14 जून 2026 तक जनगणना कर्मी घर-घर जाकर मकानों की गणना करेंगे। भजनलाल शर्मा ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, राजस्थान क्षेत्रफल की दृष्टि से देश का सबसे बड़ा राज्य है। जनगणना कर्मी लंबी दूरी तय करके आपके द्वार तक आएंगे।
राजस्थान की अतिथि सत्कार की परंपरा को निभाते हुए उन्हें सही और सटीक जानकारी प्रदान करें। उन्होंने आगे कहा कि आज दी गई सही सूचना कल के विकसित राजस्थान और विकसित भारत के सपने को साकार करने में मदद करेगी।
स्वगणना के लिए आधिकारिक लिंक https://censusindia.gov.in पर जा सकते हैं। जनगणना देश की सबसे महत्वपूर्ण सांख्यिकीय प्रक्रिया है। इसके आधार पर सरकारें विकास योजनाएं, संसाधनों का बंटवारा, आरक्षण नीतियां और भविष्य की नीतियां बनाती हैं। राजस्थान जैसे बड़े राज्य में सही डेटा इकट्ठा करना चुनौतीपूर्ण काम है। इसलिए हर नागरिक का सहयोग जरूरी है।
सीएम भजनलाल शर्मा ने प्रदेशवासियों से अपील है कि जनगणना कर्मियों का स्वागत करें और उन्हें बिना किसी भय या संकोच के सही जानकारी दें। जनगणना 2027 की यह प्रक्रिया पूरे देश में होनी है। लेकिन राजस्थान में 1 मई से इसका औपचारिक शुभारंभ हो रहा है।