
जयपुर। दिल्ली के जंतर-मंतर पर आज यानी 10 अक्टूबर को प्रस्तावित कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के विरोध प्रदर्शन से पहले राजस्थान में पुलिस कार्रवाई और रेल परिचालन में बदलाव के मामले सामने आए है। जयपुर से प्रदर्शन में शामिल होने दिल्ली जाने की तैयारी कर रहे 24 प्रदर्शनकारियों को पाबंद किया गया है। वहीं, सीकर के रींगस में अधिवक्ता सुरेंद्र उर्फ संजू वर्मा को डिटेन किया। इसके अलावा अलवर में सेजेपी पदाधिकारी दीपक बालियान ने पुलिस पर दबाव बनाने और हाथापाई के आरोप लगाए हैं। वहीं, दिल्ली में यातायात बाधित होने की आशंका के चलते रेलवे ने राजस्थान से गुजरने वाली 12 ट्रेनों को रद्द कर दिया है और दो ट्रेनों के समय में बदलाव किया है।
जयपुर से दिल्ली प्रदर्शन में शामिल होने की तैयारी कर रहे 24 प्रदर्शनकारियों को पुलिस शुक्रवार रात तक पाबंद कर चुकी है। पुलिस को आशंका थी कि प्रदर्शन में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में लोग दिल्ली जा सकते हैं। ऐसे में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस ने एहतियाती कदम उठाए। कमिश्नरेट की ईस्ट जिला पुलिस ने आठ, नॉर्थ जिला पुलिस ने एक तथा साउथ जिला पुलिस ने भी आठ लोगों को पाबंद किया है।
सीकर जिले के रींगस क्षेत्र में अधिवक्ता सुरेंद्र उर्फ संजू वर्मा को उनके घर से डिटेन करने व अलवर के कठूमर क्षेत्र में पार्टी के संगठन सह प्रभारी दीपक बालियान ने पुलिस पर प्रदर्शन में शामिल नहीं होने का दबाव बनाने और हाथापाई करने के आरोप लगाए है। अलवर जिले के मनखेड़ा गांव निवासी दीपक बालियान ने आरोप लगाया कि गुरुवार देर रात पुलिसकर्मी उन्हें घर से गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र में ले गए। वहां प्रदर्शन में शामिल नहीं होने का दबाव बनाया गया, हाथापाई की गई और मोबाइल अपने पास रख लिया गया।
पार्टी के सह प्रभारी आशुतोष रांका ने भी पुलिस पर जबरन ले जाने और मारपीट के आरोप लगाए। हालांकि, कठूमर थाना प्रभारी चंद्रशेखर शर्मा ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि दिल्ली में धारा 163 लागू होने के कारण दीपक को समझाइश के लिए ले जाया गया था। उन्हें रात करीब दो बजे घर छोड़ दिया गया। पुलिस ने हिरासत और मारपीट से इनकार किया है। अधिवक्ता संजू वर्मा ने आरोप लगाया कि शुक्रवार सुबह रींगस पुलिस उन्हें घर से डिटेन कर ले गई। प्रदर्शन में शामिल होने दिल्ली जाने की तैयारी कर रहे थे।
रेलवे ने 10 अक्टूबर को नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन स्टेशन के आसपास भारी यातायात और सड़क जाम की आशंका के बीच राजस्थान से आवाजाही करने वाली 12 ट्रेनों को रद्द कर दिया, जबकि दो ट्रेनों को पांच-पांच घंटे रीशेड्यूल किया गया। ऐनवक्त पर हुए फैसले से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। रद्द ट्रेनों में साबरमती, उदयपुर, श्रीगंगानगर और दिल्ली रूट की ट्रेनें शामिल हैं।
आज ये ट्रेनें रद्दः नई दिल्ली-साबरमती, कोटा-हजरत निजामुद्दीन, हजरत निजामुद्दीन-उदयपुर सिटी, श्रीगंगानगर-दिल्ली, तिलकब्रिज-गंगानगर।