
जयपुर। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान को लेकर जयपुर में शुरू हुआ विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है। सरकारी स्कूल की बदहाल स्थिति को लेकर CJP की ओर से किए गए स्कूल विजिट, ग्रामीणों के विरोध और कथित मारपीट के बाद संगठन ने सरकार को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया था। इसी बीच CJP फाउंडर अभिजीत दीपके को जवाब देते हुए जयपुर निवासी राकेश गुर्जर का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में राकेश गुर्जर ने अभिजीत दीपके को जयपुर आने की चुनौती देते हुए विवादित और धमकी भरे शब्दों का इस्तेमाल किया है।
दरअसल, जयपुर में सीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ हुई मारपीट के बाद अभिजीत दीपके ने सरकार को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया था। उन्होंने वीडियो जारी करके कहा था कि 'यदि 48 घंटे के भीतर स्कूल को ठीक कराने का काम शुरू नहीं किया गया और कथित मारपीट में शामिल लोगों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो वह खुद जयपुर आएंगे और स्कूल के सामने बैठेंगे।' इसके जवाब में राकेश गुर्जर ने वीडियो जारी करके अभिजीत दीपके को जयपुर आने की चुनौती दी है। राकेश ने कहा कि इस बार ‘खेल ही खत्म कर देंगे।’ वीडियो में उन्होंने CJP कार्यकर्ताओं को लेकर भी कई आरोप लगाए हैं।
राकेश गुर्जर ने ग्रामीणों के समर्थन का दावा करते हुए कहा कि ग्रामीण सरल और भोले स्वभाव के हैं तथा उनके साथ कथित तौर पर CJP कार्यकर्ताओं ने गुंडागर्दी करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि जयपुर में जंतर-मंतर जैसा माहौल नहीं है कि कोई आकर कुछ भी कह दे। वीडियो में उन्होंने ‘2.0’ और ‘3.0’ का जिक्र करते हुए भी अभिजीत दीपके को निशाना बनाया।
यह पूरा विवाद जयपुर के रामपुरा-कंवरपुरा स्थित सरकारी स्कूल से जुड़ा है। CJP प्रवक्ता आशुतोष रांका अपने कुछ कार्यकर्ताओं के साथ स्कूल का जायजा लेने गांव पहुंचे थे। संगठन का आरोप है कि स्कूल की स्थिति बेहद खराब है और स्कूल का संचालन कथित तौर पर तबेले जैसी जगह पर हो रहा था।
स्कूल विजिट के दौरान ग्रामीणों के विरोध के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और कथित मारपीट की स्थिति बन गई। CJP की ओर से दावा किया गया कि इस दौरान उसके एक कार्यकर्ता का हाथ फ्रैक्चर हो गया, जबकि कई अन्य कार्यकर्ताओं को भी चोटें आईं। संगठन ने घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने और स्कूल की व्यवस्थाओं में सुधार की मांग उठाई।
घटना के बाद आशुतोष रांका ने सरकार को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया। इसके बाद CJP फाउंडर अभिजीत दीपके ने भी जयपुर पहुंचकर आंदोलन करने की चेतावनी दी। एक वीडियो संदेश में उन्होंने आरोप लगाया कि ग्रामीणों की ओर से पत्थरबाजी की गई, वाहनों के शीशे तोड़े गए और CJP कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की गई। उन्होंने सरकार से कथित आरोपियों की गिरफ्तारी और स्कूलों से जुड़ा वह सर्कुलर वापस लेने की मांग की, जिसमें टूटे हुए स्कूलों की फोटो और वीडियो बनाने को लेकर निर्देश होने का दावा किया गया।
अभिजीत दीपके ने चेतावनी दी थी कि यदि 48 घंटे के भीतर स्कूल को ठीक कराने की दिशा में काम शुरू नहीं हुआ और कथित आरोपियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को शिक्षा के मुद्दे से आगे ले जाया जाएगा।
अब अभिजीत दीपके और आशुतोष रांका के बयानों के बाद राकेश गुर्जर का वीडियो सामने आया है। CJP की ओर से इस वीडियो को धमकी के तौर पर बताया जा रहा है। हालांकि, वीडियो में कही गई बातों और उसके पूरे संदर्भ की स्वतंत्र पुष्टि किया जाना जरूरी है। राकेश गुर्जर का नाम इससे पहले भी अभिजीत दीपके से जुड़े विवाद में सामने आ चुका है। संगठन के मुताबिक, जून महीने में जयपुर में अभिजीत दीपके के साथ कथित मारपीट हुई थी और इस मामले में राकेश गुर्जर को गिरफ्तार किया गया था।