जयपुर

ग्रामीणों ने जवाब दे दिया… CJP कार्यकर्ताओं की पिटाई पर क्षेत्रीय MLA का आया बयान, जानें क्या बोले?

जयपुर के रामपुरा-कंवरपुरा स्कूल में CJP कार्यकर्ताओं के साथ हुई मारपीट के बाद सियासत गरमा गई है। बगरू विधायक कैलाश वर्मा ने ग्रामीणों के रुख का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों ने तथ्यहीन राजनीति करने वालों को जवाब दिया है।
2 min read
Aug 21, 2026
MLA Kailash Verma
MLA Kailash Verma: सीजेपी कार्यकर्ताओं की पिटाई पर बोले विधायक (फोटो-पत्रिका)

जयपुर। बगरू विधानसभा क्षेत्र में स्कूल के निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों द्वारा CJP कार्यकर्ताओं की हुई पिटाई को लेकर सियासत गरमा गई है। रामपुरा-कंवरपुरा स्कूल में मारपीट की घटना को लेकर बगरू विधायक कैलाश वर्मा ने ग्रामीणों के समर्थन में बयान दिया है। वहीं, CJP की ओर से आशुतोष रांका ने घटना को लेकर भाजपा और पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने भी मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए स्कूलों को राजनीति का अखाड़ा नहीं बनाने की अपील की है।

बगरू MLA कैलाश वर्मा ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि बगरू विधानसभा के ग्राम रामपुरा-कंवरपुरा में ग्रामवासियों ने तथ्यहीन राजनीति करने वाले लोगों को जवाब देकर उनकी नकारात्मक राजनीति को नकार दिया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान सरकार शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर काम कर रही है।

स्कूल में 18 लाख रुपए के काम का दावा

कैलाश वर्मा ने बताया कि रामपुरा-कंवरपुरा स्थित राजकीय विद्यालय में नवीन कक्षा-कक्षों के निर्माण के लिए DMFT फंड से 12 लाख रुपए और विधायक कोष से 6 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। यानी स्कूल के लिए कुल 18 लाख रुपए की राशि मंजूर की गई है। विधायक के मुताबिक, यह निर्णय स्थानीय नागरिकों और अभिभावकों से विचार-विमर्श के बाद लिया गया।

आशुतोष रांका ने भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप

दूसरी तरफ CJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने घटना को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे घटनाक्रम को भाजपा की कथित गुंडागर्दी के रूप में देश ने लाइव देखा। रांका का दावा है कि पुलिस को पहले से स्थिति की जानकारी थी और मौके पर पत्थरबाजी हो रही थी, इसके बावजूद पुलिस ने हस्तक्षेप नहीं किया।

'हमारे वॉलेंटियर्स के हाथ तोड़े गए'

आशुतोष रांका ने आरोप लगाया कि CJP के कई वॉलेंटियर्स के साथ मारपीट की गई, उनके हाथ तोड़े गए और गाड़ियों के शीशे फोड़ दिए गए। उन्होंने महिलाओं पर भी पत्थरबाजी और मारपीट का आरोप लगाया। रांका ने दावा किया कि कुछ कार्यकर्ताओं के फोन तोड़े गए और उनकी शर्ट तक फाड़ दी गई।

48 घंटे का अल्टीमेटम

रांका ने इस घटना को सुनियोजित बताते हुए 48 घंटे में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि कार्रवाई नहीं हुई और कथित आदेश वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन को शिक्षा के मुद्दे से आगे ले जाया जाएगा।

मदन दिलावर बोले- स्कूलों को राजनीति का अखाड़ा न बनाएं

शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि विद्यालय बच्चों के भविष्य निर्माण का पवित्र परिसर है और इन्हें राजनीति का अखाड़ा नहीं बनाया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ कथित राजनीतिक दलों से जुड़े लोग विद्यालयों में जाकर अनावश्यक रूप से माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने शिक्षकों, अभिभावकों और आमजन से स्कूलों की गरिमा और शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने की अपील की।

CJP ने वाटिका रोड स्कूल का दौरा टाला

घटना के बाद CJP ने वाटिका रोड स्थित स्कूल का प्रस्तावित दौरा भी स्थगित कर दिया। सीजेपी कार्यकर्ता रेखा शर्मा ने बताया कि टीम को पुलिस की ओर से जानकारी मिली कि वाटिका स्कूल के पास भी कुछ लोग इकट्ठा हो गए हैं। उन्होंने कहा कि कई कार्यकर्ता घायल हैं और उनके इलाज को देखते हुए फिलहाल दौरा स्थगित किया गया है।

बयानबाजी से बढ़ा राजनीतिक टकराव

रामपुरा-कंवरपुरा की घटना के बाद भाजपा और CJP के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। एक तरफ विधायक कैलाश वर्मा ने ग्रामीणों के रुख को सही ठहराया और सरकार की ओर से स्कूल में किए जा रहे विकास कार्यों का हवाला दिया, वहीं CJP ने कथित हमले को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं।

Updated on:
21 Aug 2026 09:06 pm
Published on:
21 Aug 2026 09:06 pm