जयपुर

राजस्थान में सड़कों के काम की धीमी चाल पर नाराज हुए सीएम भजनलाल, अफसरों को दे डाली ये नसीहत

बैठक के दौरान सड़कों की गुणवत्ता का मामला भी उठा। अधिकारियों ने सीएम को बताया कि पिछली कांग्रेस सरकार ने सड़कों की गुणवत्ता की जांच में ज्यादा रुचि नहीं दिखाई।
2 min read
• •
Updated: 22 Nov 2024, 8:14 AM IST
CM Bhajanlal Sharma-2

जयपुर। राजस्थान में सड़कों के काम की धीमी चाल पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने नाराजगी जताई। साथ ही अधिकारियों को जिम्मेदारी से काम करने और समय पर पूरा करने की नसीहत दी। सार्वजनिक निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक में सीएम भजनलाल ने कहा कि सड़कों को बनाने, सड़कों के रखरखाव का मामला टलता ही रहता है। यह व्यवस्था ठीक नहीं है। अधिकारी अपने काम को जिम्मेदारी से करें और समय पर करें।

बैठक के दौरान सड़कों की गुणवत्ता का मामला भी उठा। अधिकारियों ने सीएम भजनलाल शर्मा को बताया कि पिछली कांग्रेस सरकार ने सड़कों की गुणवत्ता की जांच में ज्यादा रुचि नहीं दिखाई। सीएम ने एक्सप्रेस-वे की डीपीआर जल्द तैयार करने के निर्देश दिए। अजमेर रोड पर रिंग रोड के क्लोवर लीफ का निर्माण कार्य पिछले कई वर्ष से बंद है।

एनएचएआई ने जिस फर्म को काम दिया था, वह कंपनी ब्लैक लिस्ट हो गई। दूसरी कंपनी को काम दिया गया, लेकिन उसने भी काम शुरू नहीं किया। इस वजह से यहां लम्बा ट्रेफिक जाम लगने लगा है। सीएम ने अधिकारियों से बैठक में कहा कि इस काम को शुरू करवाया जाएं। इस अवसर पर उन्होंने विभागीय कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, परियोजनाओं को समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए।

नहीं पहुंचे किरोड़ीलाल मीना

मुख्यमंत्री ने ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा बैठक भी की, लेकिन इसमें विभागीय मंत्री किरोड़ीलाल मीना नहीं आए। मीना सवाईमाधोपुर में थे। उनको बैठक में शामिल होने का एक दिन पहले ही संदेश भी भेजा गया था। सार्वजनिक निर्माण विभाग की बैठक में डिप्टी सीएम दिया कुमारी, राज्यमंत्री मंजू बाघमार दोनों मौजूद रहे।