जयपुर

जयपुर एयरपोर्ट पर 55 करोड़ की लागत से बनेगा 3 मंजिला स्टेट हैंगर, सीएम भजनलाल ने किया शिलान्यास

जयपुर एयरपोर्ट पर 55 करोड़ रुपए की लागत से तीन मंजिला नया स्टेट हैंगर बनेगा। सीएम भजनलाल शर्मा ने शिलान्यास किया। यहां VIP लाउंज, वेटिंग एरिया और कॉन्फ्रेंस रूम जैसी आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।
2 min read
• •
Updated: 12 Nov 2026, 2:14 PM IST
cm bhajanalal
स्टेट हैंगर बिल्डिंग का भूमि पूजन

जयपुर। जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर राजकीय अतिथियों की सुविधा के लिए मौजूदा स्टेट हैंगर के पास करीब 55 करोड़ रुपए की लागत से तीन मंजिला नया भवन बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को इसका भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। इस मौके पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा, मेयर सुनील कोठरी सहित कई नेता मौजूद रहे।

बता दें कि स्टेट हैंगर का निर्माण कार्य 18 महीने में पूरा करने का लक्ष्य है। नए भवन के निर्माण में आधुनिक वास्तुकला के साथ तकनीकी जरूरतों का भी ध्यान रखा जाएगा। इसकी पहली और दूसरी मंजिल पर करीब 2000-2000 वर्गमीटर क्षेत्र में निर्माण होगा, जबकि तीसरी मंजिल पर लगभग 1500 वर्गमीटर क्षेत्र विकसित किया जाएगा।

वेटिंग एरिया और वीआईपी लाउंज होंगे विकसित

तीन मंजिला भवन बनने से स्टेट हैंगर पर आने वाले राजकीय अतिथियों को आधुनिक सुविधाएं मिल सकेंगी। वीवीआईपी और वीआईपी मूवमेंट के दौरान अधिकारियों, क्रू मेंबर्स और स्टेट गेस्ट्स की सुविधा के लिए यहां हाईटेक वेटिंग एरिया, आधुनिक वीआईपी लाउंज, कॉन्फ्रेंस रूम और ब्रीफिंग रूम बनाए जाएंगे।

CM भजनलाल ने दी बधाई

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बधाई देते हुए बताया कि नए स्टेट टर्मिनल भवन के लिए सरकार ने 12,778 वर्ग मीटर जमीन दी है। पहले चरण में इस भवन को बनाने पर 19 करोड़ 62 लाख रुपए खर्च होंगे। वहीं, पूरी परियोजना के लिए 12 करोड़ 35 लाख रुपए की मंजूरी जारी की जानी है।उन्होंने बताया कि नए भवन में आने वाले अधिकारियों और खास मेहमानों के लिए कई सुविधाएं रहेंगी। यहां दो वीआईपी लॉज और 10 रेस्ट रूम बनाए जाएंगे। इसके अलावा बैठक करने के लिए हॉल, ऑन-बोर्ड हॉल, ट्रैवलिंग केबिन और सुरक्षा कर्मचारियों के लिए अलग कमरा भी होगा।

जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान प्रमुख सचिव नवीन जैन ने धन्यवाद भाषण दिया। उन्होंने CM और अन्य विशेष मेहमानों का कार्यक्रम में आने पर आभार जताया।

घोषणा को पूरा करने के दिशा में शुरू हुआ काम

भूमि पूजन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि सरकार ने 2024 और 2025 के बजट में इस नए भवन को बनाने का वादा किया था। अब उस घोषणा को पूरा करने की दिशा में काम शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि सरकार योजनाओं को सिर्फ कागजों तक सीमित नहीं रख रही, बल्कि उन्हें जमीन पर उतार रही है।

मुख्यमंत्री ने राजस्थान की ऐतिहासिक पहचान का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मानना है कि विकास के साथ विरासत को भी आगे बढ़ाना चाहिए। राजस्थान इस सोच का अच्छा उदाहरण है। यहां के किले और हवेलियां देश ही नहीं, दुनिया भर में अपनी अलग पहचान रखते हैं। विरासत के मामले में राजस्थान की पहचान सबसे खास है।

Updated on:
12 Nov 2026, 2:14 PM IST
Published on: