जयपुर

यमुना जल समझौते के बाद जयपुर में सीएम भजनलाल का भव्य स्वागत, बोले-आलू से नहीं, पानी से उगेगा सोना

यमुना जल परियोजना के ऐतिहासिक एमओए के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मंगलवार को जयपुर आगमन पर आमजन, भाजपा कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने उत्साह के साथ जयपुर एयरपोर्ट से मुख्यमंत्री निवास तक विभिन्न स्थानों पर भव्य स्वागत किया।
3 min read
Jun 30, 2026
CM Bhajanlal Sharma
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा। फोटो पत्रिका

Yamuna water MoA Rajasthan : जयपुर। यमुना जल परियोजना के ऐतिहासिक एमओए के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मंगलवार को जयपुर आगमन पर आमजन, भाजपा कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने उत्साह के साथ जयपुर एयरपोर्ट से मुख्यमंत्री निवास तक विभिन्न स्थानों पर भव्य स्वागत किया।

इस दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को यमुना जल समझौते के लिए प्रदेश की आठ करोड़ जनता की ओर से बधाई देते हुए कहा कि यमुना जल परियोजना के एमओए से 29 जून का दिन राजस्थान के लिए ऐतिहासिक बन गया है। उन्होंने कहा कि इस एमओए के माध्यम से झुंझुनूं, चूरू और सीकर जिलों में यमुना का पानी आएगा, जिससे शेखावटी की धरती सोना उगलेगी। पर्यटन और उद्योगों के बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी। सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी कहते हैं कि वो आलू से सोना बनाएंगे। लेकिन मैंने शेखावटी के लोगों से कहा था कि हम यह तो नहीं कर सकते हैं, लेकिन हम यमुना का पानी लेकर आएंगे। जिसके बाद हमारा किसान जरूर सोना पैदा करेगा।

कांग्रेस पर साधा निशान

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने शेखावाटी के साथ बड़ा अन्याय किया। यमुना जल का सिर्फ सपना दिखाया लेकिन कभी प्रयास नहीं किया गया। हरियाणा और राजस्थान में कांग्रेस की सरकारें रही, लेकिन यमुना जल परियोजना के लिए समन्वय और संवाद नहीं किया। आश्चर्य की बात यह है कि हरियाणा कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में यमुना जल समझौते को निरस्त करने का वादा किया था तब उस मंच पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी उपस्थित थे। इसीलिए गहलोत ने इस योजना पर कोई कार्य नहीं किया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा में उन्होंने शेखावाटी क्षेत्र को यमुना का जल उपलब्ध कराने की जो बात की थी, उसे प्रतिबद्धता के साथ पूरा किया जा रहा है।

तेजी से आगे बढ़ रही है परियोजना

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान सरकार ने केंद्र, हरियाणा सरकार के सहयोग से यमुना जल परियोजना को मूर्त रूप देने के लिए निरंतर कार्य किया है। 17 फरवरी 2024 को एमओयू कर तुरंत टास्क फोर्स का गठन किया और डीपीआर बनाई। आज लगभग 34 हजार करोड़ रुपए से अधिक की यह परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है। इसके अंतर्गत 3.6 मीटर की पाइपलाइन बिछाकर यमुना से शेखावाटी क्षेत्र के लिए पानी लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि रामजल सेतु लिंक परियोजना, आईजीएनपी, गंग नहर, देवास, माही आदि परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के समय में राजस्थान का नाम पेपरलीक, भ्रष्टाचार, गैंगस्टर, महिला अत्याचार जैसे घटनाओं के साथ चर्चा में रहता था। आज परिस्थिति पूर्ण रूप से बदल गई है। युवाओं को रोजगार, किसानों के कल्याण और निवेश अनुकूल औद्योगिक वातावरण के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। आज प्रदेश के किसानों को 26 जिलों में दिन के समय में बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। वहीं, हम दूसरे प्रदेशों को भी बिजली दे रहे हैं।

4 जुलाई को रिफाइनरी का उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 4 जुलाई को बालोतरा यात्रा के दौरान पचपदरा रिफाइनरी का उद्घाटन करने के साथ ही जयपुर मेट्रो फेज 2 की आधारशिला रखेंगे। इस दौरान वे हजारों युवाओं को नियुक्ति पत्र भी प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पर युवाओं का भरोसा निरंतर बढ़ा है। हमारे कार्यकाल में एक भी पेपरलीक नहीं हुआ। वहीं, 1.25 लाख युवाओं को नौकरियां भी मिली हैं।

ट्रिपल इंजन सरकार के सहयोग से मूर्त रूप ले रही योजना

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि एक भागीरथ वो थे, जो गंगा को धरती पर लाए। दूसरे भागीरथ मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा है, जो मां यमुना को राजस्थान की धरती पर ला रहे हैं। मुख्यमंत्री जल उपलब्धता के क्षेत्र में निरंतर काम कर रहे है। ढाई वर्ष के कार्यकाल में उन्होंने कई महत्वपूर्ण योजनाओं को मूर्तरूप दिया है। उन्होंने कहा कि 1994 से शेखावाटी क्षेत्र यमुना के जल का इंतजार कर रहा था। तत्कालीन मुख्यमंत्री भैंरोसिंह शेखावत ने भी इसके लिए सकारात्मक प्रयास किए थे। हमारी केन्द्र, राजस्थान और हरियाणा की ट्रिपल इंजन सरकार के सहयोग से यह योजना मूर्त रूप ले रही है।

Published on:
30 Jun 2026 05:46 pm