CM Bhajanlal Exclusive Interview: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि उनका सपना राजस्थान को समृद्ध, आधुनिक और आत्मनिर्भर राज्य बनाना है। हमारा लक्ष्य सरकारी और निजी क्षेत्र में 10 लाख रोजगार दिलाना है।
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि उनका सपना राजस्थान को समृद्ध, आधुनिक और आत्मनिर्भर राज्य बनाना है। सरकार प्रदेश को विश्व का अग्रणी ग्रीन एनर्जी हब, स्टार्टअप और टेक्नोलॉजी का केंद्र बनाने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उनकी सरकार राजनीति के लिए नहीं, बल्कि विकास के लिए काम कर रही है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में निरंतर प्रयास जारी हैं।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि सवा दो साल के कार्यकाल में सरकार ने कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। राजस्थान दिवस के अवसर पर राजस्थान पत्रिका के संवाददाता अरविन्द सिंह शक्तावत से हुई विशेष बातचीत के प्रमुख अंश….
Q. आपकी सरकार सवा दो साल का कार्यकाल पूरा कर चुकी है। इस दौरान आपका ऐसा कोई कार्य जो राजस्थान को विकास के पायदान पर आगे ले जाएगा?
A. हमारी सरकार ने इस अवधि में कई बड़े फैसले लिए हैं। राम जल सेतु लिंक परियोजना के लिए 89 हजार करोड़ रुपए की संशोधित डीपीआर तैयार की गई है और 26 हजार करोड़ रुपए के कार्यादेश जारी हो चुके हैं। हरियाणा के साथ एमओयू कर प्रदेश के हिस्से का यमुना जल लाने का रास्ता साफ किया है। हथिनीकुंड बैराज से शेखावाटी तक पानी लाने की 32 हजार करोड़ की परियोजना जल्द शुरू होगी। बिजली क्षेत्र में भी सुधार हुआ है। 22 जिलों में किसानों को दिन में बिजली दी जा रही है और उत्पादन क्षमता में 8,260 मेगावाट की बढ़ोतरी हुई है। रोजगार के क्षेत्र में सवा लाख से अधिक सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं और 1.33 लाख नियुक्तियां प्रक्रियाधीन हैं। पेपर लीक पर रोक लगी है और कानून व्यवस्था में सुधार हुआ है।
Q. राज्य सरकार ने विकसित राजस्थान 2047 का विजन रखा है। इसे साकार करने के लिए अभी तक कौन-कौन से ठोस कदम उठाए गए हैं?
A. हमने 2028-29 तक 350 बिलियन डॉलर और 2047 तक 4.3 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था का लक्ष्य रखा है। इसके लिए बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, उद्योग और सामाजिक सुरक्षा जैसे 10 प्रमुख क्षेत्रों पर काम किया जा रहा है। सड़क नेटवर्क मजबूत किया गया है, कोटा में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का शिलान्यास हुआ है और जयपुर मेट्रो का विस्तार किया जा रहा है। राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के जरिए निवेश को बढ़ावा दिया गया है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन में भी वृद्धि की जा रही है।
Q. विपक्ष राज्य की वित्तीय स्थिति और बढ़ते कर्ज को लेकर सवाल उठा रहा है। आपका क्या कहना है?
A. हमने प्रदेश को पिछली कांग्रेस सरकार के आर्थिक कुप्रबंधन से बाहर निकाला है। राज्य की अर्थव्यवस्था मजबूत स्थिति में है। वर्ष 2026-27 में जीएसडीपी लगभग 21.52 लाख करोड़ रुपए अनुमानित है, जो 2023-24 की तुलना में 41 प्रतिशत से अधिक है। वर्ष 2026-27 में हमने राजकोषीय घाटा 3.69 प्रतिशत पर नियंत्रित रखा है, जबकि पूर्व सरकार के समय औसत 4.34 प्रतिशत था।
Q. प्रदेश की अर्थव्यवस्था को 350 बिलियन डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। इस दिशा में कौन से बड़े सेक्टर और प्रोजेक्ट सरकार की प्राथमिकता में हैं?
A. ऊर्जा, उद्योग और अवसंरचना इस लक्ष्य के मुख्य स्तंभ हैं। सौर और पवन ऊर्जा में राजस्थान अग्रणी है और ग्रीन हाइड्रोजन व ग्रीन अमोनिया में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। सेमीकंडक्टर, डिफेंस मैन्यूफैक्चरिंग और आइटी जैसे भविष्य के क्षेत्रों में निवेश लाया जा रहा है। खनन, टेक्सटाइल और फूड प्रोसेसिंग से रोजगार और निर्यात दोनों बढ़ेंगे। पर्यटन के विभिन्न आयाम फिल्म, वेलनेस, एडवेंचर और आध्यात्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करने पर विशेष जोर है।
Q. 30 मार्च के बजाय 19 मार्च को राजस्थान दिवस मनाने का निर्णय लिया है। इसके पीछे क्या कारण है?
A. सरदार वल्लभभाई पटेल के प्रयासों से राजपूताना की रियासतों का एकीकरण संभव हुआ था। चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के दिन 30 मार्च 1949 को वृहद राजस्थान की स्थापना हुई थी। इसलिए हमने निर्णय लिया है कि हर वर्ष इसी तिथि के अनुसार राजस्थान दिवस मनाया जाएगा। इस वर्ष यह तिथि 19 मार्च को पड़ रही है।
Q. आने वाले समय में आपकी सरकार की शीर्ष प्राथमिकताएं क्या होंगी और राजस्थान को लेकर आपका सपना ?
A. हमारी प्राथमिकताएं रोजगार, सुशासन, बुनियादी सुविधाएं और भविष्य की तकनीक है। हम प्रदेश को नवाचार, ऊर्जा, उद्योग और ज्ञान का केंद्र बनाना चाहते हैं। एआइ और क्वांटम कंप्यूटिंग मिशन शुरू करने को काम कर रहे हैं। हमारा लक्ष्य सरकारी और निजी क्षेत्र में 10 लाख रोजगार दिलाना है। मेरा सपना एक ऐसा राजस्थान है, जहां युवाओं को अवसर, किसानों की आय बढ़े, महिलाएं सशक्त और हर नागरिक स्वस्थ, समृद्ध और खुशहाल जीवन जी सके।