
जयपुर।
प्रदेश में बीते 48 घंटे में करीब आधा दर्जन से ज्यादा जिलों में तूफान ने पूरे प्रदेश में कोहराम मचाया। तूफ़ान से हुई मौत के बाद आंकड़ा 41 पहुंच गया है और तेज अंधड़ से 250 से अधिक लोग घायल हो गए हैं। साथ ही मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे में वापिस मौसम बिगड़ने और तूफ़ान आने की आशंका जता अलर्ट जारी किया है।
ऐसे में जिला कलक्टर सिद्धार्थ महाजन ने सभी अधिकारियों से मीटिंग ली और अफसरों को प्राकृतिक आपदा से बचने के लिए एक्शन प्लान तैयार करने के लिए निर्देश दिए हैं।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला कलक्टर सिद्धार्थ महाजन ने जिले में आगामी दक्षिण पश्चिमी मानसून की तैयारियों तथा किसी भी सम्भावित अतिवृष्टि, बाढ़ या प्राकृतिक आपदा की स्थिति में सुरक्षात्मक एवं ऎहतियाती उपायों के बारे में सभी संबंधित विभागों को अपना एक्शन प्लान तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिये है। महाजन शुक्रवार को जिला कलेक्टे्रट सभागार में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
निगम और जेडीए को दिए सख्त निर्देश
जिला कलक्टर ने बैठक में मौजूद जयपुर विकास प्राधिकरण एवं नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिये कि शहर में अपने-अपने क्षेत्राधिकार वाले नालों की मरम्मत एवं साफ सफाई के बारे में आपसी समन्वय के साथ समय पर आवश्यक कार्यवाही सम्पादित करे ताकि वर्षा के समय किसी भी दुर्घटना से बचा जा सके। उन्होंने कलेक्टे्रट में नागरिक सुरक्षा से संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे सभी नालों की सूची जेडीए व नगर निगम को भिजवाये, इसके बाद इन दोनों एजेंसीज के अधिकारी आपस में बैठकर ये तय कर ले कि किसको इन नालों की रिपेयर करानी है और किसके हिस्से में साफ सफाई का जिम्मा है।
उन्होंने दोनो एजेंसीज के अधिकारियों से कहा कि आपसी समन्वय से क्षेत्राधिकार के निर्धारण पश्चात् की गई कार्यवाही एवं आगामी मानसून को लेकर कार्य योजना के बारे में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को सूचना भेजे। इसके बाद जिला प्रशासन एवं सिविल डिफेन्स के माध्यम से निरीक्षण किया जायेगा।
रैलिंग व सुरक्षात्मक उपायों के निर्देश
ऎसे बढ़े नाले जिनके उपर से वाहन गुजरते है या लोग उनको पैदल पार करते है, उनको दोनों तरफ से कवर करते हुए रैलिंग एवं अन्य ऎहतियाती सुरक्षात्मक उपाय वर्षा से पूर्व करना सुनिश्चित करे, ताकि मानसून के समय किसी प्रकार की दुर्घटना नहीं हो। आगजनी की घटनाओं की रोकथाम के लिए नगर निगम के अधिकारियों को गत दिनों जारी किये गये निर्देशों की पालना में हुई प्रगति की भी समीक्षा की। नगर निगम की उपायुक्त (फायर) को निर्देश दिये कि आगामी बैठक में चीफ फायर ऑफिसर एवं अन्य चारों सहायक फायर ऑफिसर भी मौजूद रहे और सभी जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से जारी निर्देशों के क्रम में अपने अपने स्तर पर की गई कार्यवाही की रिपोर्ट भी लेकर आये।
नियंत्रण कक्ष स्थापित होंगे
बैठक में जेडीए, नगर निगम, पीएचईडी, जेवीवीएनएल, जल संसाधन विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, पशुपालन विभाग एवं रसद विभाग सहित अन्य विभागों के जिला अधिकारियों को निर्देश दिये गये कि वे मानसून से पूर्व समय पर नियंत्रण कक्षाेंं की स्थापना, आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था आदि कार्यवाही करते हुए जिला आपदा प्रबंधन को सूचित करे।
ये भी दिये निर्देश
बैठक में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सचिव एवं अतिरिक्त जिला मजिस्टे्रट (दक्षिण) हरि सिंह मीना ने जेवीवीएनएल के अधिकारियों को ढीले तारों को कसवाने एवं ट्रांसफार्मर्स की नियमित जांच के साथ ही अन्य विभागों को भी मानसून के समय आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में निर्देश दिये। बैठक में पुलिस, एसडीआरएफ, रेलवे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।