जयपुर

जयपुर में करणी सेना का प्रदर्शन : लाठीचार्ज पर कांग्रेस नेता भंवर जितेंद्र सिंह क्या बोले?

जयपुर में श्री राजपूत करणी सेना के प्रदर्शन पर पुलिस लाठीचार्ज और वॉटर कैनन कार्रवाई को लेकर कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। पूर्व केंद्रीय मंत्री भंवर जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कार्रवाई को अलोकतांत्रिक बताते हुए सरकार से संवाद के जरिए समाधान निकालने की बात कही।
2 min read
Aug 04, 2026
Jaipur Karni Protest
जयपुर में करणी सेना के प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने चलाया वॉटर कैनन (Photo-Patrika)

जयपुर। राजधानी जयपुर में सोमवार को श्री राजपूत करणी सेना के प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज और वॉटर कैनन के इस्तेमाल को लेकर कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस नेता धर्मेंद्र सिंह राठौड़ और भंवर जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया पर अलग-अलग पोस्ट जारी कर घटना की निंदा करते हुए सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री भंवर जितेंद्र सिंह ने घटना को लेकर भाजपा सरकार की आलोचना की। उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि शांतिपूर्ण रैली निकाल रहे श्री राजपूत करणी सेना के कार्यकर्ताओं और आमजन पर पुलिस का लाठीचार्ज बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि माताओं-बहनों और बुजुर्गों पर भी वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया गया, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।

भंवर जिंतेंद्र सिंह की पोस्ट :

आपस में लड़ाने का लगाया आरोप

जितेंद्र सिंह ने भाजपा सरकार पर जनभावनाओं को भड़काने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार हर वर्ग की विरोधी बनकर काम कर रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा समाजों को आपस में लड़ाने और लोगों के बीच द्वेष फैलाने की राजनीति कर रही है। उन्होंने देशवासियों से ऐसी राजनीति का एकजुट होकर विरोध करने की अपील की।

यह वीडियो भी देखें :

धर्मेंद्र सिंह राठौड़ क्या बोले?

पूर्व राजस्थान पर्यटन विकास निगम अध्यक्ष एवं कांग्रेस नेता धर्मेंद्र सिंह राठौड़ ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे श्री राजपूत करणी सेना के कार्यकर्ताओं और आमजन पर पुलिस द्वारा किया गया लाठीचार्ज तथा वॉटर कैनन का प्रयोग बेहद निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता को अपनी बात रखने का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन उस अधिकार का सम्मान करने के बजाय महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं पर बल प्रयोग करना भाजपा सरकार की असहिष्णु और जनविरोधी सोच को दर्शाता है।

धर्मेंद्र सिंह की पोस्ट :

सरकार पर जन आवाज दबाने का आरोप

राठौड़ ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार हर जन आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि संवाद और समाधान की जगह दमन की नीति अपनाना किसी भी लोकतांत्रिक सरकार को शोभा नहीं देता। उनके अनुसार सरकार को अहंकार छोड़कर समाज के प्रतिनिधियों से सम्मानपूर्वक बातचीत करनी चाहिए और उनकी मांगों का न्यायपूर्ण समाधान निकालना चाहिए।

प्रदर्शन में शामिल देवराज सिंह की मौत

उल्लेखनीय है कि कांग्रेस नेताओं के ये बयान जयपुर में श्री राजपूत करणी सेना के प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई को लेकर सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। दूसरी तरफ प्रदर्शन में शामिल देवराज सिंह की मौत के बाद मामले ने और भी तूल पकड़ लिया है। श्री राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना ने परिवार के लिए 1 करोड़ का मुआवजा और सरकारी नौकरी की मांग की है। साथ ही दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Updated on:
04 Aug 2026 06:36 pm
Published on:
04 Aug 2026 06:23 pm