
Jaipur Father Kills Newborn Baby Girl: चंदवाजी (जयपुर ग्रामीण): जयपुर-दिल्ली राजमार्ग पर स्थित एक निजी अस्पताल में बुधवार तड़के इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बेटे की चाहत में अंधे हुए एक पिता ने अपनी ही तीन दिन की मासूम नवजात बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी। रिश्तों का कत्ल करने वाली इस क्रूर घटना से अस्पताल प्रशासन ही नहीं, पूरे क्षेत्र में भारी रोष व्याप्त है।
चंदवाजी थाना प्रभारी राजवीर सिंह के अनुसार, नीमराणा (जिला कोटपूतली-बहरोड़) निवासी आरोपी पिता रवि कुमार यादव ने अपनी गर्भवती पत्नी कोमल को 27 जुलाई को प्रसव के लिए चंदवाजी स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया था।
मंगलवार को डॉक्टरों ने ऑपरेशन से डिलीवरी कराई, जिसमें कोमल ने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। रवि और कोमल के पहले से ही दो बेटियां थीं। जब आरोपी रवि को पता चला कि उसकी तीसरी संतान भी बेटी ही हुई है, तो वह गहरे सदमे और निराशा में चला गया।
अस्पताल के नियमों के तहत सर्जरी के बाद प्रसूता कोमल को एक अलग वार्ड में रखा गया था। जबकि नवजात शिशु को दूसरे वार्ड (नर्सरी/वार्ड) में डॉक्टरों की निगरानी में भर्ती किया गया था। बुधवार तड़के करीब चार बजे, जब चारों ओर सन्नाटा था, आरोपी रवि कुमार चुपचाप नवजात के वार्ड में दाखिल हुआ।
उसने अपनी ही मासूम बच्ची का बेरहमी से गला दबा दिया और मौके से हटने की कोशिश की। कुछ ही देर में जब अस्पताल के ड्यूटी स्टॉफ को बच्ची की संदिग्ध स्थिति की भनक लगी, तो जांच करने पर उसकी मौत की पुष्टि हुई। इस खौफनाक मंजर को देखकर अस्पताल में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही चंदवाजी थाना प्रभारी राजवीर सिंह पुलिस जाब्ता के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने अस्पताल प्रबंधन और ड्यूटी पर तैनात नर्सिंग स्टॉफ के बयान दर्ज किए हैं। घटना की कड़ियों को जोड़ने के लिए अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए हैं, जिनमें आरोपी की संदिग्ध आवाजाही दर्ज हुई है।
पुलिस ने आरोपी रवि कुमार को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। सामाजिक ताने-बाने और इंसानियत पर सवाल खड़े करने वाली इस घटना ने एक बार फिर बेटे की चाह में समाज में फैले गहरे मानसिक पिछड़ेपन को उजागर कर दिया है।