जयपुर

खाटूश्यामजी दर्शन को आ रहा परिवार हादसे का शिकार, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर ट्रक में घुसी कार; 4 लोगों की मौत

Delhi-Mumbai Expressway Road Accident: राजस्थान के सीकर जिले में स्थित खाटूश्यामजी के दर्शन को आ रहे परिवार देर रात हादसे का शिकार हो गया। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई।
2 min read
Aug 15, 2026
delhi-mumbai expressway accident
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार। फोटो: पत्रिका

जयपुर। राजस्थान के सीकर जिले में स्थित खाटूश्यामजी के दर्शन को आ रहे परिवार देर रात हादसे का शिकार हो गया। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। वहीं, 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

जानकारी के मुता​बिक हादसा देर रात एमपी में शिवगढ़ के पास हुआ। झाबुआ जिले के पारा से खाटूश्यामजी दर्शन के लिए आ रहे परिवार की कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए और वह घिसटते हुए आगे जाकर पलट गई। हादसे में 9 लोगों में से 4 की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो बच्चों समेत 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बताया जा रहा है कि राजस्थान से निकला ट्रक RJ 14 GP 7281 तकनीकी खराबी के कारण सड़क किनारे खड़ा था। तभी रात के अंधेरे में तेज रफ्तार कार चालक को ट्रक दिखाई नहीं दिया और कार सीधे ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।

तीन महिलाएं और एक पुरुष की मौत

कार में कुल नौ लोग सवार थे। हादसे में तीन महिलाओं और एक पुरुष की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दो मासूम बच्चों समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस और एनएचएआई ने चलाया राहत अभियान

घटना की सूचना मिलते ही एनएचएआई की एंबुलेंस और शिवगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। राहत दल ने काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। घायलों को दो एंबुलेंस की मदद से देर रात मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस के मुताबिक हादसे का शिकार हुआ परिवार झाबुआ जिले के पारा के अलावा इंदौर और धार से भी जुड़ा हुआ है। दुर्घटना की खबर मिलते ही परिजन रात में ही अस्पताल पहुंच गए। खाटूश्याम बाबा के दर्शन की उम्मीद लेकर निकला परिवार अब अपनों की मौत के गम में डूबा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।

Updated on:
15 Aug 2026 10:27 am
Published on:
15 Aug 2026 10:26 am