
जयपुर
दीपावली के त्योहार पर किफायती दरों पर एक ही छत के नीचे गुणवत्ता युक्त घर-रोजमर्रा का सामान उपलब्ध कराने के लिए राजस्थान पत्रिका और विमल इलायची की ओर से आयोजित दिवाली कार्निवल एवं दिवाली शॉपिंग फेस्टिवल का शनिवार शाम को आगाज हुआ। एसएमएस इन्वेस्टमेंट ग्राउंड, अम्बेडकर सर्किल और अमरूदों का बाग में आयोजित दिवाली कार्निवल एवं शॉपिंग फेस्टिवल में खरीदारी के साथ एंटरटेनमेंट का लुत्फ भी शहरवासी उठा रहे हैं। उद्घाटन समारोह में राजस्थान हाईकोर्ट के जज संजीव प्रकाश शर्मा, भारतीय स्टेट बैंक जयपुर सर्किल के चीफ मैनेजर विजय रंजन, विमल के जयपुर डिस्ट्रीब्यूटर त्रिलोक चंद माखीजा व जीवो सुपीरियर वियर के डायरेक्टर टीटू तनवानी ने शनिवार शाम दीप प्रज्ज्वलित कर व फीता काटकर फेस्टिवल की शुरुआत की। इस मौके पर विमल के राजस्थान के डीजीएम सुरेश भोला भी मौजूद रहे।
छोटी से लेकर बड़ी चीज एक ही छत के नीचे
यहां प्रोडक्ट्स के आधार पर अलग-अलग डोम्स बनाए गए हैं। इनमें मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल्स, गारमेंट्स, ज्वैलरी, फर्नीचर,एफएमसीजी, दिवाली स्पेशल दीपक, डेकोरेटिव लाइट्स, पेंटिंग्स सहित तमाम प्रोडक्ट्स के अलग-अलग पैवेलियन हैं। कार्निवाल और शॉपिंग फेस्टिवल में ९ डोम में ६00 से भी ज्यादा स्टॉल्स लगाई गई हैं। विभिन्न स्थानों से आए देशभर के स्टॉल धारक उत्पादों की विस्तृत रेंज पेश कर रहे हैं। यहां स्पेशल खान-पान की वस्तुएं भी अवेलेबल हैं।
पहले ही पहुंचे लोग
फेस्टिवल को लेकर लोगों का उत्साह इतना अधिक था कि शाम को उद्घाटन से पहले ही बड़ी संख्या में शहरवासी परिजनों के साथ पहुंच गए। एक-एक स्टॉल को देखा और अपने पसंद के उत्पाद के बारे में जानकारी ली। महिलाओं का फोकस सजावट के सामान और किचन प्रोडक्ट और बच्चों को फूड आइटम्स पर दिखा।