
Jaipur Mata Mahalakshmi Temple: जयपुर: दीपावली पर्व के अवसर पर राजधानी जयपुर के चांदपोल एरिया के नाहरगढ़ रोड पर स्थित माता महालक्ष्मी के मंदिर में रूप चौदस और दीपावली पर माता महालक्ष्मी का सवा मन दूध से पंचामृत अभिषेक किया गया। इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और माता के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
मंदिर में पंडित धर्मेश शर्मा के सानिध्य में 11 विद्वानों ने विधि-विधान के साथ माता महालक्ष्मी का पंचामृत अभिषेक कराया। इस दौरान पुरुष सूक्त और श्री सूक्त के मंत्रों का विधिवत उच्चारण किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार से मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया।
अभिषेक के बाद माता महालक्ष्मी को नवीन पोशाक धारण कराई गई। मंदिर में आकर्षक फूल बंगला झांकी सजाई गई। इसके साथ ही माता को विभिन्न मिष्ठानों का भोग अर्पित किया गया। सुहाग की वस्तुएं भी माता के चरणों में अर्पित की गईं। फूलों से सजी मनमोहक झांकी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी।
आयोजन के दौरान माता महालक्ष्मी की भव्य महाआरती की गई। इसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने श्रद्धाभाव के साथ भाग लिया। श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर परिवार में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मंदिर प्रवक्ता धर्मेश शर्मा ने बताया कि माता महालक्ष्मी मंदिर में प्राचीन समय से ही श्रद्धालुओं की गहरी आस्था रही है। मान्यता है कि जो भक्त लगातार 16 शुक्रवार माता लक्ष्मी का व्रत करते हैं और मंदिर में दर्शन करते हैं, उनकी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। इसी आस्था के चलते वर्षभर बड़ी संख्या में भक्त माता के दर्शन के लिए पहुंचते हैं।