जयपुर

जयपुर: नशे में धुत व्यक्ति ने युवती को कई थप्पड़ मारे, पत्नी से बोला- बंदूक लेकर आ, आज इन्हें मार डालूंगा

जयपुर के मांग्यावास में मकान देखने गई युवती से नशे में धुत पड़ोसी ने मारपीट की। हाथ पकड़कर थप्पड़ मारे और रेलिंग पर धक्का दिया। आरोपी ने पत्नी से बंदूक लाने को भी कहा।
2 min read
• •
Updated: 10 Nov 2026, 6:19 PM IST
drunk man slaps girl in jaipur
नशे में धुत व्यक्ति ने युवती को कई थप्पड़ मारे (फोटो सोशल मीडिया)

Jaipur Drunk Man Slaps Girl: राजधानी जयपुर में मकान खरीदने के लिए देखने गई एक युवती के साथ मारपीट और छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि शराब के नशे में धुत एक व्यक्ति ने पहले गाली-गलौच की। विरोध करने पर युवती को लोहे की रेलिंग पर धक्का दे दिया और हाथ पकड़कर कई थप्पड़ मारे। आरोपी ने अपनी पत्नी से बंदूक लाने के लिए भी कहा। पीड़िता ने सोमवार को नारायण विहार थाने में मामला दर्ज करवाया है।

पुलिस के मुताबिक, महेश नगर निवासी 31 वर्षीय युवती शुक्रवार (6 नवंबर) रात करीब 8 बजे मांग्यावास स्थित रणजीत विहार में अपने परिचित के घर गई थी। वह मकान खरीदने के सिलसिले में उसे देखने पहुंची थी। करीब आधे घंटे बाद मकान के सामने रहने वाला पड़ोसी अंकित राजावत वहां आ गया। परिचित के घर के बाहर कार खड़ी देखकर वह शराब के नशे में गाली-गलौच करने लगा।

विरोध करने पर युवती को रेलिंग पर धक्का दिया

आरोप है कि गाली-गलौच सुनकर युवती बाहर आई और इसकी वजह पूछी। इस पर अंकित ने उसके साथ अभद्रता शुरू कर दी। युवती ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसे लोहे की रेलिंग पर धक्का दे दिया। इसके बाद उसका हाथ पकड़कर कई थप्पड़ मारे।

पत्नी से कहा- बंदूक लेकर आ, आज इन्हें मार डालूंगा

मारपीट के दौरान आरोपी की पत्नी भी बाहर आ गई। आरोप है कि अंकित ने पत्नी से कहा कि ऊपर से बंदूक लेकर आ, आज इन्हें मार डालूंगा। इस बीच युवती ने पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर झगड़े की सूचना दी। इसके बाद आरोपी की पत्नी उसे पैदल ही वहां से भगा ले गई।

मारपीट और छेड़छाड़ की धाराओं में FIR

पीड़िता ने सोमवार को नारायण विहार थाने में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने FIR दर्ज कर युवती का मेडिकल परीक्षण करवाया है। नारायण विहार थाना प्रभारी राजेंद्र मीणा ने बताया कि पीड़िता और आरोपी एक-दूसरे को पहले से नहीं जानते हैं। इसके बावजूद आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। पुलिस ने मारपीट और छेड़छाड़ से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। आरोपी अपना मोबाइल फोन बंद कर फरार हो गया है। उसकी तलाश की जा रही है।

Updated on:
10 Nov 2026, 6:19 PM IST
Published on: