जयपुर

जयपुर के लग्जरी होटल में बड़ा कांड! फर्जी बाप-बेटे बनकर आए 2 लोग 4 मिनट में कर गए खेल; इंस्टाग्राम पर किया था पसंद

जयपुर में फिल्मी अंदाज में 10 लाख रुपए के आभूषणों की ठगी का मामला सामने आया है। दो बदमाश बाप-बेटे बनकर लग्जरी होटल में ठहरे और इंस्टाग्राम से ज्वेलरी पसंद कर कर्मचारी को बुलाया। एक आभूषण लेकर फरार हुआ, दूसरा चाय के बहाने गायब हो गया।
2 min read
• •
Updated: 4 Nov 2026, 7:31 PM IST
jaipur luxury hotel kand
ठगी का शिकार आभूषण व्यापारी का कर्मचारी पुलिस को जानकारी देते हुए (पत्रिका फोटो)

Jaipur Jewellery Fraud: राजधानी जयपुर में आभूषण व्यापारी से 10 लाख रुपए के आभूषण ठगने की वारदात किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं है। दो शातिर बदमाशों ने बाप-बेटे बनकर पहले लग्जरी होटल में ठिकाना बनाया, फिर इंस्टाग्राम पर आभूषण पसंद किए और सुबह की फ्लाइट से जाने का बहाना बनाकर व्यापारी के कर्मचारी को होटल बुला लिया। चार मिनट में एक बदमाश 10 लाख रुपए के आभूषण लेकर फरार हो गया, जबकि उसका साथी बना कथित बाप होटल में ही बैठा रहा। बाद में वह भी चाय पीने के बहाने गायब हो गया। ठगी का पता चलने पर सोडाला थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस कैमरों की फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश कर रही है।

पुलिस के अनुसार, एमआई रोड स्थित विनायक ज्वेलर्स के इंस्टाग्राम पेज पर बदमाशों ने आभूषण पसंद किए थे। इसके बाद दुकान के मालिक ने कर्मचारी महेश शर्मा को आभूषण और भुगतान लेने के लिए होटल भेजा। बदमाशों ने आभूषणों की कीमत के बदले पांच लाख रुपए नकद और पांच लाख रुपए ऑनलाइन देने का भरोसा दिलाया था।

दूसरे कमरे में बाप को दिखाने का बहाना

बदमाशों ने कर्मचारी महेश से कहा कि आभूषणों का भुगतान करने से पहले दूसरे कमरे में मौजूद उनके बाप को भी आभूषण दिखाने हैं। इसी बहाने एक बदमाश अतुल वर्मा आभूषण लेकर कमरे से निकला और महज चार मिनट में चंपत हो गया। उसका साथी बना दिव्यांग व्यक्ति, जिसका एक पैर नहीं था और जो बैसाखी के सहारे चलता था, होटल में कर्मचारी के पास बैठा रहा। कुछ देर बाद वह भी चाय पीने के बहाने वहां से निकल गया।

होटल के सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए दोनों बदमाश

पीछे के गेट से निकले, अलग-अलग रास्तों पर भागे

दोनों बदमाश 2 अक्टूबर को जैकब रोड स्थित हरि महल पैलेस होटल में ठहरे थे। होटल के स्वागत कक्ष पर मौजूद धर्मेंद्र सिंह के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 11 बजे बदमाशों ने आभूषण व्यापारी के कर्मचारियों को होटल के पिछले गेट से अंदर बुलाया। गेट पर सुरक्षा गार्ड ने रोका तो बदमाश खुद वहां पहुंचे और मेहमान होने का हवाला देकर कर्मचारियों को कमरे तक ले गए। वारदात के बाद दोनों पिछले गेट से ही बाहर निकले।

यह आधार जमा करवाया था होटल में

प्रदीप नाम से दिया था आधार कार्ड

होटल में प्रदीप वर्मा के नाम से आधार कार्ड जमा कराया गया था, जिसके फर्जी होने की आशंका है। दोनों ने खुद को उत्तर प्रदेश का निवासी बताया था। सूचना मिलने पर सोडाला थानाधिकारी मनोज मौके पर पहुंचे। पुलिस को होटल के सीसीटीवी फुटेज के साथ दोनों बदमाशों के कपड़े और आधार कार्ड भी मिले हैं, जिन्हें वे होटल में ही छोड़ गए थे।

Updated on:
4 Nov 2026, 7:31 PM IST
Published on: