जयपुर

Jaipur: ​​​​​3 लाख की रिश्वत में गिरफ्तारी के बाद आय से अधिक संपत्ति का मामला, पूर्व संयुक्त आयुक्त पर ACB की FIR

ACB Rajasthan: एसीबी ने पूर्व संयुक्त आयुक्त राजीव गर्ग के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया है। जांच में उनकी ज्ञात आय से करीब 98.55 प्रतिशत अधिक संपत्ति मिलने का दावा किया गया है।
2 min read
Jul 01, 2026
Rajasthan ACB
फाइल फोटो- पत्रिका

जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने रिश्वत मामले में गिरफ्तार पूर्व संयुक्त आयुक्त एवं जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र, प्रतापगढ़ के तत्कालीन महाप्रबंधक राजीव गर्ग के खिलाफ अब आय से अधिक संपत्ति का अलग मामला दर्ज किया है। एसीबी की जांच में सामने आया है कि आरोपी के पास उसकी ज्ञात आय से करीब 98.55 प्रतिशत अधिक संपत्ति मिली है, जिसकी अनुमानित कीमत 1.73 करोड़ रुपए बताई गई है। इस संबंध में एसीबी ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत नया प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह वीडियो भी देखें

एसीबी के अनुसार राजीव गर्ग पहले से ही रिश्वत लेने के मामले में गिरफ्तार किए जा चुके हैं। जांच एजेंसी ने उनकी आय, खर्च और संपत्तियों का विस्तृत विश्लेषण किया। जांच के दौरान चल-अचल संपत्तियों, बैंक खातों, निवेश और अन्य वित्तीय दस्तावेजों का परीक्षण किया गया। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि आरोपी की संपत्ति उसकी वैध आय की तुलना में लगभग दोगुनी के करीब है, जिसके बाद आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया।

रंगे हाथों किया था गिरफ्तार

गौरतलब है कि एसीबी की प्रतापगढ़ इकाई ने एक शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए राजीव गर्ग को परिवादी से 3 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि सातवें वेतनमान का स्थिरीकरण, पेंशन प्रकरण का भुगतान और एरियर जारी करने के बदले आरोपी ने 3.50 लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी। सत्यापन के बाद एसीबी ने जाल बिछाकर कार्रवाई की और आरोपी को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।

मकान और फ्लैट पर भी कार्रवाई

जांच में यह भी सामने आया था कि ट्रैप कार्रवाई से पहले आरोपी परिवादी से 50 हजार रुपए रिश्वत के रूप में पहले ही ले चुका था। गिरफ्तारी के बाद एसीबी ने जयपुर स्थित आरोपी के मकान और फ्लैट पर कार्रवाई की थी। दोनों स्थान बंद मिलने पर उन्हें सील कर दिया गया था। बाद में न्यायालय से रिमांड मिलने के बाद आरोपी की मौजूदगी में इन परिसरों की तलाशी ली गई और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जुटाए गए।

एसीबी अधिकारियों का कहना है कि आय से अधिक संपत्ति के मामले में आरोपी की चल और अचल संपत्तियों के स्रोतों की गहन जांच की जा रही है। यदि जांच में और तथ्य सामने आते हैं तो उनके आधार पर आगे भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो ने आमजन से भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों की सूचना हेल्पलाइन के माध्यम से देने की अपील भी की है।

Published on:
01 Jul 2026 11:01 pm