
मंत्री के पैरों में गिरकर गुहार लगाती नर्स। फाइल फोटो- पत्रिका
जोधपुर। जोधपुर के महात्मा गांधी अस्पताल में हाल ही में चिकित्सा मंत्री के सामने तबादले की मांग को लेकर पैरों में गिरने वाली नर्सिंग अधिकारी सरिता कुमारी का तबादला कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से तबादलों पर रोक के बावजूद जारी आदेश में सरिता कुमारी का एमजीएच जोधपुर से राजकीय श्री कल्याण चिकित्सालय, सीकर तबालता किया गया है। सरिता कुमारी के अलावा कई अन्य नर्सिंग कर्मचारियों के भी तबादले किए गए हैं। इनमें सूर्यप्रकाश शर्मा, ज्योति बाला, संगीता मीणा, शारदा बिश्नोई और फार्मासिस्ट सुरेशचंद के नाम भी शामिल हैं।
यह वीडियो भी देखें
राजस्थान नर्सिंग एसोसिएशन ने सरकार से मांग की है कि जिस प्रकार सरिता कुमारी को राहत मिली है, उसी तरह प्रदेशभर में सालों से पारिवारिक और सामाजिक कारणों से तबादले का इंतजार कर रहे पात्र नर्सिंगकर्मियों के लिए भी स्थानांतरण प्रक्रिया शुरू की जाए। एसोसिएशन के जोधपुर अध्यक्ष जगदीश जाट ने कहा कि बड़ी संख्या में कर्मचारी सालों से अपने गृह जिले या परिवार के पास जाने का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से जल्द स्थानांतरण खोलने और सभी पात्र कर्मचारियों को राहत देने की मांग की है।
बता दें कि बीते दिनों जोधपुर जिले के दौरे पर पहुंचे चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के सामने महात्मा गांधी अस्पताल में कार्यरत एक स्टाफ नर्स ट्रांसफर की मांग को लेकर उनके पैरों में गिरकर फूट-फूटकर रोने लगी थी। नर्स बार-बार खुद को परेशान बताते हुए स्थानांतरण कराने की गुहार लगाती रही। इस दौरान केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने भी उसे समझाने का प्रयास किया था। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर जोधपुर के दौरे पर थे। महात्मा गांधी अस्पताल में आयोजित एक लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान वहां कार्यरत स्टाफ नर्स सुनीता चौधरी मंत्री के पास पहुंची और भावुक होकर उनके चरणों में बैठ गई। वह लगातार कहती रही कि वह काफी परेशान है और उसका ट्रांसफर करवा दिया जाए।
मंत्री खींवसर ने उसे आश्वासन दिया था कि उसकी समस्या पर विचार किया जाएगा और स्थानांतरण कराने का प्रयास किया जाएगा, लेकिन इसके बावजूद नर्स की आंखों से आंसू नहीं थमे। मौके पर मौजूद केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने भी उसे ढांढस बंधाते हुए शांत कराया था। बताया जा रहा है कि सुनीता चौधरी वर्ष 2020 से महात्मा गांधी अस्पताल में कार्यरत हैं।
Updated on:
01 Jul 2026 05:13 pm
Published on:
01 Jul 2026 04:55 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
