
Rajasthan Politics : कांग्रेस के दिग्गज नेता अशोक गहलोत ने गुरुवार को दावा किया कि आगामी नगरीय निकाय चुनाव में कांग्रेस के पक्ष में ‘अभूतपूर्व और सकारात्मक माहौल’ है। अशोक गहलोत के इस बयान पर पलटवार करते हुए केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने दावा किया है कि इन चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पूरे प्रदेश में प्रचंड बहुमत के साथ चुनाव जीतेगी और उन्हें (गहलोत को) अपने बयान पर फिर समीक्षा करनी पड़ेगी।
शनिवार को जयपुर में गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि उन्हें शत-प्रतिशत विश्वास है कि भाजपा केवल जयपुर ही नहीं, बल्कि पूरे राजस्थान में प्रचंड बहुमत के साथ चुनाव जीतने वाली है। उन्होंने कहा कि भाजपा को जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है और आने वाले दिनों में तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी।
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने दावा किया कि अगले 10-12 दिनों में जब चुनाव परिणाम सामने आएंगे, तब कांग्रेस को अपनी स्थिति पर फिर से विचार करना पड़ेगा। शेखावत ने कहा कि अशोक गहलोत इस बार फिर समीक्षा करने के लिए तैयार रहें कि उनकी पार्टी में क्या सिर-फुटव्वल था कि उनके जो रुझान थे, वे गलत साबित हुए। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम कांग्रेस के दावों और उसके आकलन की वास्तविकता सामने रख देंगे।
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत गुरुवार को कहा कि आगामी नगरीय निकाय चुनाव में कांग्रेस के पक्ष में सकारात्मक माहौल है। उन्होंने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि वह पूरी सरकारी मशीनरी का इस्तेमाल कर चुनावी मैदान को अपने पक्ष में करने की कोशिश कर रही है। अशोक गहलोत ने कहा कि भाजपा सरकार की कथित विफलता और जिला, ब्लॉक, मंडल और वार्ड स्तर पर कांग्रेस संगठन की सक्रिय उपस्थिति ने पार्टी के लिए अभूतपूर्व अनुकूल माहौल बनाया है।
उन्होंने दावा किया, हर गली और मोहल्ले से आ रही रिपोर्टों से संकेत मिलता है कि कांग्रेस सभी 10 नगर निगमों में रिकॉर्ड जीत की ओर बढ़ रही है, भले ही शहरों को पारंपरिक रूप से भाजपा का गढ़ माना जाता रहा हो। गहलोत ने कहा कि राज्य भर में लोगों का मूड स्पष्ट रूप से कांग्रेस के पक्ष में झुका हुआ प्रतीत होता है।
राजस्थान में सभी 309 शहरी स्थानीय निकायों के चुनाव दो चरणों में 9 और 11 सितंबर को होंगे, जिनके परिणाम 14 सितंबर को घोषित किए जाएंगे।