
जयपुर। बिंदायका थाना क्षेत्र से 14 वर्षीय बालिका के लापता होने का मामला सामने आया है। एक अगस्त को घर से निकली बालिका का 11 दिन बाद भी कोई सुराग नहीं लग पाया है। जिसके चलते परिजन लगातार परेशान हो रहे है। परिजनों ने हर संभव प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिली। अब तक बालिका का कोई सुराग नहीं लगा है। बिंदायका में सती माता मंदिर के पास रहने वाले रमेश चंद हरिजन ने बिंदायका थाने में गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया है।
रिपोर्ट के अनुसार रमेश चंद हरिजन की 14 वर्षीय दोहिती लक्ष्मी एक अगस्त को दोपहर करीब दो बजे घर से अचानक निकल गई। शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश शुरू की, लेकिन कहीं भी उसका पता नहीं चला। इसके बाद थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। पीड़ित ने बताया कि उसकी दोहिती दुकान पर सामान लेने गई थी, फिर अचानक लापता हो गई। पुलिस के अनुसार नानी की डांट के बाद बालिका घर छोड़कर चली गई।
घटना वाले दिन शाम करीब सात बजे बालिका की एक सहेली के मोबाइल पर एक युवक का फोन आया। युवक ने बताया कि एक बच्ची ट्रेन में बैठकर रो रही है और वह अलवर से बात कर रहा है। जानकारी मिलते ही पुलिस ने युवक और उसके पिता को थाने बुलाकर पूरे मामले में पूछताछ की। युवक की कॉल डिटेल रिकॉर्ड भी जांची गई, लेकिन जांच में उसका इस मामले से कोई संबंध नहीं मिला। पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया। पुलिस के अनुसार युवक ने केवल मानवता के नाते बालिका की जानकारी देने के लिए फोन किया था।
पुलिस जांच में सामने आया कि बालिका जैसलमेर से जयपुर होते हुए रानीखेत जाने वाली ट्रेन में सवार थी। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका कि वह बीच रास्ते में किसी स्टेशन पर उतर गई या आगे तक गई। थानाधिकारी अनिल जैमन ने बताया कि पुलिस लगातार बालिका की तलाश कर रही है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस बालिका की तलाश कर रही है।