जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रविवार को एक बार फिर सोने की तस्करी का मामला सामने आया। पिछले 48 घंटों में सोना तस्करी का यह तीसरा मामला सामने आया है।
Jaipur Airport Gold Smuggling: जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रविवार को एक बार फिर सोने की तस्करी का मामला सामने आया। पिछले 48 घंटों में सोना तस्करी का यह तीसरा मामला सामने आया है। इन 48 घंटों में विभाग ने 2.46 करोड़ रुपए का सोना पकड़ा है। कस्टम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि रविवार को स्पाइसजेट की फ्लाइट से दुबई से जयपुर आए यात्री के पास 583 ग्राम सोना पकड़ा गया। बताया जा रहा है कि यह यात्री लिक्विड फॉर्म में टॉर्च में सोना छिपाकर कर लाया था। जयपुर हवाईअडडे पर आए यात्रियों की जब जांच की जा रही थी तो इस दौरान इस यात्री की गतिविधि संदिग्ध लगी। इसके बाद कस्टम अधिकारियों ने जब यात्री सघन तलाशी ली तो उसके पास सोना बरामद हुआ। इसका बाजार मूल्य करीब 35 लाख रुपए है।
48 घंटों में विभाग ने 2.46 करोड़ रुपए का सोना पकड़ा
जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शुक्रवार को भी एक ही दिन में दो बार सोने की तस्करी का मामला सामने आया था। शुक्रवार को विभाग ने सुबह करीब 2 किलो 200 ग्राम सोना पकड़ा था, जिसकी कीमत 1.40 करोड़ रुपए थी। वहीं, शाम को फिर 1 किलो 114 ग्राम सोना पकड़ गया, जिसकी बाजार मूल्य करीब 70.69 लाख रुपए था। रविवार को फिर विभाग की ओर से 583 ग्राम सोना पकड़ा गया, जिसकी कीमत 35 लाख रुपए बताई जा रही है।
23 अप्रेल को भी पकड़ा था 47 लाख का सोना
जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग की टीम ने 23 अप्रेल को भी सोना पकड़ा था। रियाद से शारजाह होते हुए जयपुर आए यात्री से करीब 47 लाख का सोना पकड़ा था। यात्री रियाद से शारजाह होते हुए उड़ान संख्या जी9435 से जयपुर पहुंचा था। यात्री ने 756 ग्राम सोना कार्टन बॉक्स में छुपाकर लाया था। इसकी कीमत 46.64 लाख रुपए बताई जा रही है।
23 जनवरी को भी पकड़ा था सोना
इससे पहले जयपुर एयरपोर्ट पर 23 जनवरी को तस्करी का मामला सामने आया था। इस दिन कस्टम विभाग की टीम ने शारजाह से आए दो यात्रियों से करीब 55 लाख का सोना पकड़ा था। शारजाह से फ्लाइट संख्या जी9435 से जयपुर पहुंचे पहले यात्री से 380 ग्राम सोना पेस्ट के रूप में ट्रैक पैंट के लोअर के निचले हिस्से में बरामद किया गया था। इसकी कीमत 22ण्23 लाख रुपए बताई जा रही है। इसी दिन, दूसरा तस्कर शारजाह होते हुए फ्लाइट संख्या जी9435 से जयपुर पहुंचा था। इसने 576 ग्राम सोना पेस्ट के रूप में सिलिकन रबर के दो कैप्सूल में ढककर अपने अंडरवियर में सोना छुपा रखा था। इसकी कीमत 33.69 लाख रुपए बताई जा रही है।