बिजली के बिल में फ्यूल सरचार्ज के मद में 7 पैसे प्रति यूनिट बिजली महंगी करने के विरोध में प्रदेश के उद्योगों ने एक दिन की सांकेतिक बंद किया है। एक दिन के इस बंद से जहां करोड़ों रुपए का कारोबार प्रभावित होगा, वहीं सरकार को भी लाखों रुपए की राजस्व हानि होगी। उद्योगों के शीर्ष संगठन यूनाइटेड काउंसिल ऑफ राजस्थान इंडस्ट्रीज (यूकोरी) और विश्वकर्मा इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष ताराचंद चौधरी ने बताया कि पड़ोसी राज्यों से महंगी बिजली के कारण प्रदेश के उद्योग पहले ही त्रस्त थे, ऐसे में जयपुर,अजमेर व जोधपुर वितरण निगमों ने स्पेशल फ्यूल सरचार्ज के मद में 7 पैसे प्रति यूनिट बिजली महंगी करना प्रदेश के उद्योगों का भविष्य संकट में डालना है। चौधरी ने कहा कि सरकार जब तक इन समस्याओं का निराकरण नहीं करेगी तब तक विरोध जारी रहेगा और सरकार को चेताने के लिए रविवार को एक दिन का सांकेतिक उद्योग बंद रखा गया है। इस स्पेशल फ्यूल सरचार्ज के कारण भारी भरकम बिल बन गया है, जो उद्योगों के बिजली खपत से ज्यादा है। उद्यमी इतना बिल जमा कराने की स्थिति में नहीं है।