Farmers Financial Support: पीएम किसान योजना की नई किस्त कल होगी जारी, देश के 9.32 करोड़ किसानों को मिलेगा लाभ। किसानों के लिए बड़ी सौगात, 18 हजार 640 करोड़ रुपये सीधे खातों में होंगे हस्तांतरित।
PM Kisan Samman Nidhi: जयपुर. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 13 मार्च को ‘प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना’ की 22वीं किस्त जारी करेंगे। इस अवसर पर असम के गोवाहाटी में आयोजित कार्यक्रम से देशभर के किसानों के बैंक खातों में राशि हस्तांतरित की जाएगी।
सहकारिता राज्य मंत्री गौतम कुमार दक ने बताया कि इस किस्त के तहत देश के 9 करोड़ 32 लाख से अधिक किसानों को 18 हजार 640 करोड़ रुपए से अधिक की राशि सीधे उनके खातों में भेजी जाएगी। प्रत्येक पात्र किसान को 2 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
राजस्थान में इस अवसर पर राजस्थान के 66.76 लाख से अधिक किसानों को 1 हजार 335 करोड़ रुपये से अधिक की राशि प्राप्त होगी। जयपुर स्थित स्टेट इंस्टीटयूट आॅफ एग्रीकल्चर मैनेजमेंट, दुर्गापुरा में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शामिल होंगे। साथ ही राज्य के सभी जिलों में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सहकारिता मंत्री गौतम कुमार दक ने गुरुवार को दुर्गापुरा पहुंचकर कार्यक्रम की तैयारियों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसानों को प्रतिवर्ष 6 हजार रुपए की आर्थिक सहायता तीन समान किस्तों में प्रदान की जाती है। अब तक योजना की 21 किस्तों के माध्यम से 4 लाख 9 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि किसानों के खातों में भेजी जा चुकी है।