जयपुर

Good News: रामजल सेतु लिंक परियोजना से बदलेगी तस्वीर, 17 जिलों को मिलेगा पानी

farmers welfare: किसानों के लिए सरकार के बड़े फैसले, सिंचाई और बिजली पर फोकस। मुख्यमंत्री की बड़ी घोषणाएं: कॉलेज, सड़क और सिंचाई परियोजनाओं को गति।
2 min read
Apr 08, 2026
Feature image

Ramjal Setu Link Project: जयपुर. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के कल्याण और सशक्तीकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और उनकी समृद्धि से ही देश का विकास संभव है। इसी दिशा में सरकार ने रामजल सेतु लिंक परियोजना को आगे बढ़ाया है, जिससे प्रदेश के 17 जिलों के किसानों को सिंचाई और पेयजल के लिए भरपूर पानी उपलब्ध होगा।

मुख्यमंत्री करौली जिले के टोडाभीम क्षेत्र के नांगल शेरपुर गांव में आयोजित किसान सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने नांगल शेरपुर में राजकीय महाविद्यालय खोलने की घोषणा की। साथ ही करीरी से राजौर और पथवारी से घासीराम बाबा आश्रम तक सड़कों के निर्माण की भी घोषणा की।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसानों को दिन के समय बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं और 24 जिलों में यह व्यवस्था लागू की जा रही है। सरकार का उद्देश्य किसानों को सिंचाई के लिए निर्बाध जल और बिजली उपलब्ध कराना है।

मुख्यमंत्री ने किसानों से आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने, मृदा स्वास्थ्य कार्ड के अनुसार खाद का उपयोग करने और भूमि की उर्वरता बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि पीएम किसान सम्मान निधि में राज्य सरकार ने 3 हजार रुपये अतिरिक्त जोड़कर इसे 9 हजार रुपये प्रतिवर्ष कर दिया है। इसके अलावा किसानों को ब्याज मुक्त ऋण, बिजली पर सब्सिडी और नए कृषि कनेक्शन भी दिए जा रहे हैं।

युवाओं के संदर्भ में उन्होंने कहा कि सरकार उन्हें रोजगार प्रदाता बनाने के लिए ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध करवा रही है। राइजिंग राजस्थान इन्वेस्टमेंट समिट के माध्यम से रोजगार के नए अवसर भी सृजित हुए हैं।

पशुपालकों के लिए भी सरकार कई योजनाएं चला रही है। मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत लाखों पशुओं का निशुल्क बीमा किया गया है और गांव-गांव में मोबाइल पशु चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार करौली जिले के विकास के लिए हजारों करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम कर रही है, जिससे क्षेत्र में सड़क, पुल और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है।

Updated on:
08 Apr 2026 08:49 pm
Published on:
08 Apr 2026 08:45 pm